जम्मू। हेल्थ एंड सैनिटेशन कमेटी के चेयरमैन बलदेव सिंह बलोरिया ने उपराज्यपाल से शहर में बेहतर जल निकासी के लिए नीति बनाने की मांग की है। शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बलोरिया ने कहा कि नालों पर अतिक्रमण जारी है। जिन लोगों ने अतिक्रमण किया है, उन पर कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि बरसात में निकासी न होने से ओवरफ्लो की समस्या आ रही है। अतिक्रमण से नालों की लंबाई कम होती जा रही है। बड़े नाले छोटे नालों और नालियों में तबदील हो गए हैं। हालांकि निगम लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत है। बलोरिया ने कहा कि जिनकी भूमि चौड़ीकरण परियोजना के तहत आएगी, उन्हें मुआवजा दिया जाएगा। नगर निगम हर साल फरवरी के महीने से 104 बड़े नालों और 171 गहरे नालों की सफाई का काम शुरू करता है। इस मौके पर चेयरमैन जीत कुमार अंगराल ने भी उठाए गए मुद्दों को सराहा और अपना समर्थन दिया।