जम्मू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर को भाजपा प्रदेश स्तर की वर्चुअल रैली का आयोजन कर पिछले कई दिनों से प्रदेश स्तर पर थमी हुई अपनी राजनीतिक गतिविधियों को बहाल करेगी।
वहीं जिला, मंडल और बूथ स्तर पर 14 से 20 सितंबर तक सेवा सप्ताह को मनाने का सिलसिला सोमवार से शुरू हो गया। भाजपा जम्मू पश्चिम इकाई की तरफ से आयोजित सेवा सप्ताह के कार्यक्रम के दौरान पूर्व भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूूदगी में दिव्यांग लोगों व बच्चों को खाने-पीने का सामान और छड़ी वितरित की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मुनीश खजूरिया, अतिरिक्त प्रचार सचिव अयोध्या गुप्ता, मंडल अध्यक्ष रवीश मेंगी और केशव चोपड़ा आदि भी मौजूद रहे। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर सेवा सप्ताह के कार्यक्रम जिला, मंडल और बूथ स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। 14 से 20 सितंबर तक होने वाले कार्यक्रमों में बूथ स्तर पर गांवों में 70 पौधे लगाने के अलावा दिव्यांगों व जरूरतमंदों की मदद की जाएगी। 17 सितंबर को प्रदेश स्तर की वर्चुअल रैली होगी।