राज्यपाल एवं जम्मू विश्वविद्यालय के चांसलर एनएन वोहरा ने सारी अटकलों पर विराम लगाते हुए प्रो. रामजी दास (आरडी) शर्मा को जम्मू विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त करने पर मुहर लगा दी है।
प्रो. शर्मा अक्तूबर 2014 के अंत में पूर्व कुलपति एमपी सिंह ईशर के इस्तीफा देने के बाद जम्मू विश्वविद्यालय में कार्यकारी कुलपति का कार्यभार देख रहे हैं। शिक्षकों और छात्र संगठनों ने प्रो. शर्मा की नियुक्ति का स्वागत किया है।
तीन जुलाई 1955 में जन्मे प्रो. आरडी शर्मा ने जम्मू विश्वविद्यालय के कामर्स विभाग में अपनी सेवाएं देने के साथ कार्यकारी कुलपति बनने से पहले बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (बोप) के चेयरमैन पद पर दो साल रहे। इससे पूर्व वह जम्मू विश्वविद्यालय में विभिन्न प्रशासनिक और अकादमिक पदों पर रहे।
उन्होंने डीन एकेडमिक अफेयर, रेक्टर कठुआ कैंपस, कंट्रोलर एग्जामिनेशन, डीन फैकल्टी आफ बिजनेस स्टडीज, डीन फैकल्टी आफ कामर्स, एचओडी कामर्स, डीन स्टूडेंट वेलफेयर, निदेशक शारीरिक शिक्षा, कोआर्डिनेटर सैप आदि में सेवाएं दीं। वह यूआरआई, किंग्स्टन (यूएसए) में प्रोफेसर बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन भी रहे।
उनके नाम 12 किताबें और 116 पेपर हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध कार्यों में भी प्रो. शर्मा की भूमिका रही। उनके मार्ग दर्शन में 26 एमफिल और 24 पीएचडी विद्यार्थी निकले। प्रो. शर्मा ने विभिन्न देशों का दौरा करते हुए सात शोध प्रोजेक्टों पर काम किया है। वह यूनिवर्सिटी सिंडिकेट और यूनिवर्सिटी काउंसिल के सदस्य भी हैं।