जम्मू। खराब मौसम के कारण जम्मू शहर में शुक्रवार को दिन भर बिजली और पानी की आपूर्ति प्रभावित रही। ग्रिड स्टेशन नरवाल और जानीपुर में तकनीकी खराबी से कई इलाकों में पांच से छह घंटे तक बत्ती गुल रही। इससे पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई, मात्र दस से 20 मिनट तक ही नलों में पानी आया। बिजली बंद होने से ब्लोअर, हीटर आदि नहीं चल सके, जिससे लोगों को ठंड से बचने के लिए आग का सहारा लेना पड़ा। दिन भर लोग घरों में दुबके रहे।
बीते तीन दिन से जारी बारिश से लोगों को कई दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार सुबह 11 बजे के करीब शुरू हुई बारिश से पुराने शहर, बस स्टैंड, न्यू प्लाट, कृष्णा नगर, नरवाल, सिद्दड़ा समेत कई इलाकों में बिजली बंद होने के साथ पानी की किल्लत बनी रही। रेशमघर, मुट्ठी, बख्शी नगर, न्यू प्लॉट, कुंजवानी आदि इलाकों में दस से बीस मिनट तक ही पानी की आपूर्ति हो पाई। इससे लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए।
--------
बिजली बाधित रहने के कारण पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। बिजली बहाल होने पर पानी की आपूर्ति की जा रही है। जरूरत के हिसाब से लोगों को पानी पूरा किया जा रहा है।
- विजय कुमार, एक्सईएन, जलशक्ति विभाग
------
खराब मौसम और लोड बढ़ने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। ग्रिड स्टेशनों में तकनीकी खराबी को ठीक करने के बाद आपूर्ति की जा रही है। ब्लोअर, हीटर आदि ज्यादा जलने से ट्रांसफार्मरों में कंडक्टर जल जा रहे हैं।
- पीडी सिंह, एक्सईएन, बिजली निगम