जम्मू। कुंजवानी बाईपास से नगरोटा नेशनल हाइवे तक करीब 28 स्थानों पर लोगों ने बिना मंजूरी लिए अपनी मर्जी से सड़क पर अवैध कट और क्रॉसिंग बनाई हुई है। इसका खुलासा नेशनल हाईवे अथॉरिटी आफ इंडिया के इंजीनियरोें ने निरीक्षण करने के बाद किया है।
अथॉरिटी ने इसकी रिपोर्ट यातायात पुलिस को भेजी है और आग्रह किया गया है कि इन अवैध कटों और क्रॉसिंग से हादसों में लोगों की जिंदगी को खतरा है। ऐसे में यहां से लोगों को न गुजरने दें। एहतियात कई स्थानों पर इन्हें बंद भी किया गया है।
अथॉरिटी के परियोजना निदेशक अजय कुमार रजक का कहना है कि छन्नी हिम्मत में एक मीटर का अवैध कट बंद किया गया है। रंगूरा में दस मीटर और पांच मीटर के अवैध कट बंद किए गए है। सिद्दड़ा में दो मीटर और जम्मू बाईपास पर दस मीटर का अवैध कट और क्रॉसिंग को बंद कर दिया हैं। कुंजवानी और नरवाल में एक-एक मीटर के कट से बाइक गुजरने के लिए रखे गए हैं। सिद्दड़ा में हाईवे पर दो मीटर, नगरोटा बाईपास पर 10, 15, नौ और सात मीटर के अवैध कट और क्रॉसिंग पाई गई हैं। फिलहाल इन कटों को भरा गया है।
----------
हाईवे पर अवैध कट और क्रॉसिंग से जान को खतरा
हाईवे पर लोग अपने निजी स्वार्थ के लिए सड़क को नुकसान पहुंचाकर अवैध कट बना देते हैं, ताकि उन्हें आने-जाने में सुविधा हो, लेकिन इससे जान को खतरा रहता है और हाईवे को भी नुकसान पहुंचता है। इस काम में शामिल लोगों की पहचान के लिए पुलिस में शिकायत भी की जाती है और कट को भरा भी जाता है। इसके बावजूद लोग मानते नहीं।
-अजय कुमार रजक, परियोजना निदेशक, एनएच अथॉरिटी