जम्मू। कारोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए कोरोना कर्फ्यू शनिवार को भी सख्ती से लागू रहा। बिना कारण लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने दिया गया। बेवजह सड़कों पर घूम रहे 30 से ज्यादा लोगों को पुलिस ने थाने में ले जाकर चेतावनी देकर छोड़ा। पूरे शहर में मोबाइल वैनों के माध्यम से पुलिस गश्त करती रही। साथ ही लाउडस्पीकर से लोगों को घरों से बाहर न निकलने की हिदायत भी दी है।
शनिवार को वेयर हाउस के आसपास किराना आदि की दुकानें भी बंद रखी गईं। मुख्य चौक-चौराहों से रौनक गायब रही, कंटीले तार लगाकर मुख्य सड़कों को सील कर रखा है। शहर के व्यस्ततम पनामा चौक, गांधीनगर, गोल मार्केट, महेशपुरा चौक, ज्यूल चौक, डोगरा चौक, बिक्रम चौक में दोपहर को वीरानी छाई रही।
उधर, काम न मिलने से दिहाड़ीदारों की मुश्किल दिन-ब दिन बढ़ती जा रही है। आटो चालकों को भी सवारियां नहीं मिल पा रही हैं। वे भी शाम को मायूस होकर लौट रहे हैं। ऑटो चालक सोनू, संदीप, मनोज ने बताया कि सड़कें खाली हैं। ऐसे में सवारियां नहीं मिल रहीं। ऑटो की किश्तें निकालना मुश्किल हो गया है। फेरी वालों का काम भी चौपट हो गया है। लाकडाउन बढ़ने से गरीब लोगों को अब रोजी-रोटी की समस्या बन गई है।