जम्मू। नगर निगम में मौजूदा समय में कचरा उठाने के लिए छोटे-बड़े 96 वाहन हैं, जबकि जरूरत 300 से ज्यादा की है। इससे सफाई व्यवस्था पर काफी असर पड़ रहा है। वाहनों की कमी के कारण शहर में कई इलाकों में दोपहर बाद कचरा उठाया जाता है। पुरानी मंडी, पुराना शहर, मोती बाजार समेत अन्य जगहाें में डंपिंग साइट से कचरा उठाने के लिए वाहन दोपहर 12 बजे के बाद ही पहुंचते हैं। इस कारण सड़कों किनारे कचरे के ढेर लगे रहते हैं। यह मुद्दा हर बार जनरल हाउस की बैठक में उठाया जाता है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाता है। इस बार 26 दिसंबर को होने वाले नगर निगम के हाउस में फिर से यह मसला गरमा सकता है।
------------
नौ माह से टेंडर प्रक्रिया ही चल रही
फरवरी में हुए जनरल हाउस में भी इस वाहनों के मसले को लेकर काफी बहस हुई थी। इसके बाद वाहन खरीदने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया। नौ माह से ज्यादा समय हो गया है। वाहनों के लिए टेंडर प्रक्रिया ही चल रही है। नगर निगम की ओर से टेेंपो, टिपर, जेसीबी और अन्य वाहन खरीदने हैं। हर बार हाउस में मसले पर मंथन होता है, लेकिन काम नहीं हो पाता है। इस कारण शहरवासी काफी परेशान है। डंपिंग साइट भी दूर होने के कारण वाहनों को आने जाने में ही समय हो जाता है।
------------
वाहनों की खरीद के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। वाहनों की कमी को पूरा किया जाएगा। डोर-टू डोर कचरा एकत्रित करने के लिए अतिरिक्त ऑटो सुविधा दी जा रही है। लोगों को बेहतर सुविधा दी जाएगी।
- बलदेव सिंह बलोरिया, हेल्थ एंड सैनिटेशन कमेटी, अध्यक्ष