जम्मू। संभाग में 20 से ज्यादा औद्योगिक इकाइयां और करीब 80 हजार लोग बिजली बिल का भुगतान नहीं कर रहे। छोटे उद्योग चलाने वाले 12 हजार लोगों के नाम भी बिल न भरने की सूची में हैं। भुगतान न होने पर बिजली विभाग को हर माह करोड़ों रुपये का घाटा हो रहा है।
अब विभाग ने बिल न भरने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने का फैसला लिया लिया, साथ ही बिजली चोरी करने वालों पर एफआईआर भी दर्ज करवाई जाएगी। इस बारे में एमडी ने आदेश जारी कर दिए हैं।
साथ ही मुख्य अभियंता ने कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं। बकाएदारों को पहले भी बिल भरने के लिए विभाग नोटिस जारी कर चुका है, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। कई बार टीमें भी भेजी गईं, लेकिन लोगों ने इनका विरोध किया। गर्मियों के मौसम में अभियान चलाया गया, लेकिन कोरोना महामारी के नाम पर लोगों ने विभाग के मुलाजिमों पर ही एफआईआर दर्ज करवा दी। इस बार बिजली विभाग कनेक्शन काटने के बाद एफआईआर भी दर्ज करवाएगा। हालांकि इससे पहले डिफाल्टरों के कनेक्शन बाहर से काटे जाते थे। बाद में लोग खुद कनेक्शन जोड़कर मुफ्त की बिजली जलाते थे। इस बार बिजली खंभे से काटी जाएगी। साथ ही केबल को भी हटा लिया जाएगा।
-----------
जम्मू जिले में ही हर माह छह करोड़ का लाइनलोस
हर माह बिजली कारपोरेशन को जम्मू जिले में छह करोड़ रुपये का लाइनलोस हो रहा है। इसी तरह जम्मू संभाग के 10 जिलों में लाइनलोस 66 करोड़ के आसपास रहता है। घाटा उठा रही कारपोरेशन ने अब सख्ती करनी शुरू कर दी है। मीटर रीडिंग के हिसाब से भी बिल अदा करना होगा।
-----------
एसी, हीटर को लिए कनेक्शन पर भी होगा मामला दर्ज
दूसरे चरण में एसी, हीटर और अन्य उपकरणों को चलाने के लिए गए अवैध कनेक्शनों को काटने पर काम चलेगा और एफआईआर दर्ज की जाएगी। शहर समेत अन्य जगहों में लोगों ने हीटर और एसी चलाने के लिए भी खंभे से अवैध कनेक्शन लिए हैं। इन पर भी केस होगा।
--------------
बिजली विभाग अब सख्ती करने जा रहा है। बिल अदा न करने वाले डिफाल्टरों की बिजली काटी जाएगी। साथ ही एफआईआर भी दर्ज करवाई जाएगी। विभाग को करोड़ों रुपये बिलों के वसूल करने हैं।
पीडी सिंह, एक्सईएन, बिजली कारपोरेशन, जम्मू।
---------
इससे पहले बिजली चोरी के मामलों और अवैध कनेक्शन पर एफआईआर दर्ज नहीं करवाई जा रही थी। अब आदेश जारी कर दिए हैं और मामला दर्ज करवाया जाएगा।
- गुरमीत सिंह, मुख्य अभियंता, जम्मू संभाग