जम्मू। शहर में रेहड़ी-फड़ी वाले फुटपाथ पर सामान रखकर बेच रहे हैं। इससे लोगों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बावजूद इसके नगर निगम उचित कार्रवाई नहीं कर पा रहा। हालांकि कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान भी चलाया गया, लेकिन शहर में हालात जस के तस बने हुए है।
फुटपाथ पर अतिक्रमण होने के कारण सड़क हादसों का अंदेशा रहता है। शहर के इंदिरा चौक, बीसी रोड, ज्यूल चौक, कनाल रोड, बस स्टैंड, डोगरा बाजार, गुम्मट बाजार आदि में फुटपाथ पर सामान रखकर बेचा जा रहा है। विक्रेताओं को खुले में बैठकर सामान न बेचने की हिदायत भी दी गई है, बावजूद इसके नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है।
---------
अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। यह मामला ध्यान में है, समस्या गंभीर होती जा रही है फुटपाथ पर सामान रखकर बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
अवनी लवासा, निगम कमिश्नर, नगर निगम
-------
अतिक्रमणकारियों पर नगर निगम सख्ती करने जा रहा है, जल्द ही रास्ताें से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। जुर्माना भी किया जाएगा।
सुधीर बाली, एसीआर, नगर निगम