जम्मू। जम्मू-कश्मीर में अब तक मिले कुल 993 डेंगू के मामलों में से जिला जम्मू से 64 फीसदी मामले हैं। जम्मू में मंगलवार को 33 नए मामलों के साथ आंकड़ा 639 तक पहुंच गया। शहर के कई इलाके डेंगू से प्रभावित हैं। तापमान में गिरावट के बावजूद अस्पतालों में डेंगू के पीड़ितों का पहुंचना जारी है। वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा जिला कठुआ और सांबा अधिक प्रभावित हैं। अब तक जम्मू में दो, सुंदरबनी में एक और उधमपुर से एक डेंगू मरीज की मौत हो चुकी है।
जम्मू शहर में रिहाड़ी, बख्शीनगर, त्रिकुटानगर, गांधीनगर, सुभाष नगर आदि क्षेत्र डेंगू से प्रभावित हैं। इन इलाकों से नियमित तौर पर डेंगू के मामले मिल रहे हैं। शहर के अधिकांश स्थानों में डेंगू दस्तक दे चुका है। जीएमसी जम्मू और एसएमजीएस अस्पताल जम्मू सहित अन्य अस्पतालों में दैनिक आधार पर बड़ी संख्या में डेंगू के मरीज पहुंच रहे हैं। इसमें बच्चों से लेकर हर आयु वर्ग के लोग प्रभावित हैं। मंगलवार को सांबा में 12 नए मामले के साथ आंकड़ा 87 तक पहुंच गया है। जिला कठुआ में अब तक 172 डेंगू के मामले मिल चुके हैं।
----------
जम्मू-कश्मीर में कोविड में भी
उछाल, 110 संक्रमित मामले मिले
जम्मू। शादियों और त्योहारी सीजन के बाद कोविड संक्रमण का भी प्रसार बढ़ने लगा है। पिछले कई हफ्तों तक दैनिक आधार पर सौ से कम आने वाले मामले अब ऊपर आना शुरू हो गए हैं। मंगलवार को प्रदेश में 110 नए संक्रमित मामले मिले, जिसमें कश्मीर संभाग से 92 मामले हैं। राजधानी श्रीनगर से सर्वाधिक 42 नए संक्रमित मामले हैं, चिंता यह है कि ये सभी मामले स्थानीय स्तर के हैं, यानी यहां पर सामुदायिक स्तर पर संक्रमण कायम है। इसी तरह बारामुला में 21 और गांदरबल में 11 नए मामले मिले। जम्मू में 4 ही संक्रमित मिले। जिला रामबन, किश्तवाड़, सांबा, कठुआ, कुलगाम में कोई संक्रमित मामला नहीं मिला। प्रदेश में सक्रिय मामलों का आंकड़ा भी बढ़कर 916 तक पहुंच गया है। कोविड विशेषज्ञों ने त्योहारी सीजन के बाद नवंबर के आखिर तक संक्रमण का प्रसार बढ़ने की आशंका जताई है। सार्वजनिक स्थलों पर कोविड एसओपी का पालन न होने के कारण संक्रमण को पनपने का मौका मिल रहा है।