बीसी रोड बस्ती में कोरोना संक्रमित आने के बाद बस्ती को सील कर दिया है।
- फोटो : SHRINAGAR
जम्मू। प्रदेश की शीतकालीन राजधानी जम्मू में कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने लगा है। रविवार को जिले में 65 नए मामले आए हैं। इनमें से 15 लोगों का कोई यात्रा इतिहास नहीं है। संक्रमितों में बीसी रोड स्थित कबीर बस्ती के 6 फल-सब्जी विक्रेता शामिल हैं। यह सभी लोग पिछले दिनों संक्रमित मिले दो फल एवं सब्जी विक्रेताओं के संपर्क में आए थे। वहीं, शहर के दो सफाई कर्मी और छन्नी हिम्मत व संजय नगर से एक-एक मरीज कोरोना से संक्रमित पाया गया है। जम्मू में लगातार दूसरे दिन 50 से अधिक मामले रिपोर्ट हुए हैं।
शनिवार एक अगस्त को जिले में 52 मामले आए थे। इससे पूर्व 31 जुलाई को 41, 30 जुलाई को 38 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए। इसी तरह से 29 जुलाई को 49 लोगाें की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जम्मू जिले में अब तक 1187 लोगों कोरोना की चपेट में आ चुके हैं और एक्टिव मामले 545 हैं। कोरोना की वजह से जम्मू जिले में 19 लोग अब तक जान भी गंवा चुके हैं।