अरनिया। नगर पालिका क्षेत्र के लोग केंद्र सरकार की ओर से आशियाना बनाने में काफी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। लोगों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर कई आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें पीएम आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। जबकि इस संबंध में वे कई बार फाइल नगर पालिक में लगा चुके हैं।
सबसे अधिक समस्या वार्ड-11 व 12 के लोगों को आ रही है। स्थानीय निवासी सुरेश कुमार का कहना है कि कस्बे के इन वार्डों में ज्यादातर गरीब रह रहे हैं। जो दिहाड़ी लगाकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि मैंने तीन बार फाइल तैयार करके नपा कार्यालय में जमा कराई, मगर मेरा नाम नहीं आया। अब चौथी बार फाइल लगाई है। इस बार मेरा नाम आया है, जबकि फाइल तैयार कराने में करीब दो हजार खर्च होता है।
विजय कुमार ने बताया कि फाइल मंजूर होते ही नपा प्रशासन मकान तोड़ने को यह कह कर कहते हैं कि प्लंथ भराओ, जिसके बाद आपको पहली किश्त मिलेगी, जो नहीं मिलती। कार्यालय में तैनात संबंधित कर्मी से बार-बार गुजारिश करने के बाद भी पैसे नहीं डालता और कहा जाता है।
जीतो देवी ने बताया कि नाम आने के बाद नपा ने मेरा कच्चा आशियाना तुड़वा दिया और वर्षों इंतजार करने के बाद भी जब योजना का पैसा नहीं मिला तो सिर छुपाने के लिए बहन भाइयों से पैसे उधार लेकर एक मकान बनवाया, ताकि सर्दी व बारिश से बचा जा सके।
पिंकी देवी ने कहा कि कि तीसरी बार फाइल तैयार करके लगाई है, मगर अभी तक मुझे पैसा नहीं मिला। मकान गिरने वाला था, इसीलिए बीते तीन वर्ष से मैं अपना जर्जर हो चुके मकान को छोड़ कर अब किराए पर रह रही हूं। अब थक हार कर किसी तरह लोन भरा है, ताकि अपना मकान बनवा सकूं।
-----------
कुछ दिन पहले ही इन्हीं दोनों वार्डों के लाभार्थियों के खातों में 25 लाख रुपये डलवाए हैं। यहां तक कि जो अपना प्लंथ भरने में असमर्थ हैं उनके खातों में भी लोकल बाडी प्रशासन से गुजारिश करके बारह लाख रुपये डलवाए हैं, ताकि वह अपने मकान की नींव रख सकें। कई लाभार्थियों के खातों से उनका आधार कार्ड लिंक नहीं हुआ, जिससे उनकी राशि वापस हो गई, जो बाद में मिलेगी।
-रमेश सैनी, अध्यक्ष, नगर पालिका, अरनिया