जम्मू। जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारी रविवार को भी हड़ताल पर डटे रहे। इससे शहर में तीसरे दिन भी पेयजल किल्लत जारी रही। टैंकरों के लिए दिन भर बुकिंग होती रही, लेकिन कई इलाकों में मुश्किल से एकाध टैंकर पहुंच पाया। इसका कारण यह भी रहा कि विभाग के पास 162 के करीब टैंकर हैं। इनमें 130 टैंकरों को चलाने की जिम्मेदारी अस्थायी चालकों की है। 32 के करीब टैंकरों से ही नियमित चालकों ने पानी की आपूर्ति अलग-अलग जगहों पर की। फिर भी डिमांड के हिसाब से पानी नहीं मिल पाया। कंपनी बाग, नावाबाद, नरवाल समेत अन्य फिलिंग स्टेशनों में अधिकांश टैंकर खड़े ही रहे।
सैनिक कॉलोनी में सुबह पानी न आने से टैंकर के लिए पार्षद नरेंद्र जमवाल ने बुकिंग करवाई। यहां पर पांच टैंकरों के लिए बुकिंग थी, मगर एक ही टैंकर मिला। इस कारण सैनिक कॉलोनी में दिनभर लोग पानी के लिए परेशान होते रहे।
गंगयाल में अस्थायी कर्मचारी ड्यूटी पर न होने के कारण कुछ ट्यूबवेल नहीं चले, यहां कुछ इलाकों में एक ही बार पानी मिला। दूसरी बार सप्लाई बाधित रही। इस कारण रोजमर्रा के काम निपटाने में परेशानी का सामना करना पड़ा है। नरवाल, बटिंडी, सुजवां इलाके में भी लाइनों में तकनीकी खराबी रही। इस कारण पानी नहीं आया। यहां पर शिकायत के बावजूद समस्या का पता नहीं चल पाया। बेली चराना, विक्रम चौक, नानक नगर में भी पेयजल किल्लत रही। यहां पर बीस से 25 मिनट तक ही पानी की आपूर्ति हुई है।
रिहाड़ी, रेशमघर कॉलोनी, किशना नगर, बख्शी नगर में पानी की आपूर्ति रूटीन की तरह ही होती रही। इसके अलावा मुट्ठी, रूप नगर और आसपास इलाकों में रह रहे प्रवासी लोग काफी परेशान हुए। इन्हें मेन पाइपों से ही पानी भरकर लाना पड़ा।
-----------
यूनियन ने दी आंदोलन की चेतावनी
पीएचई इंप्लाइज यूनाइटेड फ्रंट के पदाधिकारी भानू प्रताप सिंह, रवि हंस, राजेंद्र सिंह, ज्योति प्रकाश ने बताया कि सोमवार शाम तक मांगें पूरी नहीं की गई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देंगे। कर्मचारी लंबे समय से काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी अनदेखी की जा रही है। सोमवार को आगामी रणनीति बनाई जाएगी।
-----------
मांगों को पूरा किया जाए : चेयरमैन
ऑल डिपार्टमेंट कैजुअल लेबर फ्रंट के चेयरमैन सतीश शर्मा ने बताया कि मांगों के हल के लिए वह कर्मियों का पूरा समर्थन कर रहे हैं। अस्थायी कर्मचारियों को नियमित किया जाए। अलग-अलग विभागों में 62 हजार से ज्यादा कर्मचारी सेवारत हैं। इनको कम वेतनमान में सेवाएं देनी पड़ रही है।
-----------
ये हैं मुख्य मांगें
- अस्थाई कर्मचारियों को नियमित किया जाए।
- लंबित वेतनमान जारी किया जाए।
- न्यूनतम वेतनमान को लागू किया जाए।
----------------
पुलिस ने संभाला जिम्मा, की पानी की आपूर्ति
मुख्य अभियंता कार्यालय की ओर से निर्देश पारित किया गया है। इसमें जम्मू संभाग में पानी की आपूर्ति का जिम्मा पुलिस के पास रहा। पुलिस जवानों ने अधिकांश जगहों में पानी भी छोड़ा है। साथ ही फिलिंग स्टेशनों में भी टैंकरों को भरवाकर भेजा है।