दरबार मूव के नजदीक आने के साथ ही सरकारी विभागों की ओर से अपनी खामियों को दूर करने का काम शुरू कर दिया गया है। पीडब्ल्यूडी एंड आरएंडबी की ओर से सड़कों की मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है।
फ्लाईओवर और बेलिचराना में जेसीबी तो कहीं ड्रिल मशीन से काम किया जा रहा है। हालांकि इससे सड़कों की हालत तो सुधरेगी, लेकिन मौजूदा समय में जगह-जगह काम लगे होने से आवाजाही प्रभावित हो रही है।
फ्लाईओवर पर ड्रिल मशीन के साथ टूटे हिस्सों को कुरेद कर वहां नए सिरे से तारकोल डाला जाएगा। ताकि वह टूटा हिस्सा दोबारा जल्दी से न उखड़े । इसके साथ ही मजदूरों से बड़ी तेजी के साथ काम लिया जा रहा है।
इसी तरह से बेलिचराना में संचार तार डालने के वक्त फुटपाथ की हुई खुदाई की भी भरपाई की जा रही है। जेसीबी की मदद से टूटे हिस्से की खुदाई करके वहां नए सिरे से भरपाई का काम जारी है।
ताकि आने वाले दिनों में वहां सड़क का हिस्सा नीचे न धंसे या सड़क टूटे नहीं। सभी विभाग के अधिकारी क्षेत्र के कार्यों को मुकम्मल रूप देने में लगे हैं। दरबार मूव के साथ सैकड़ों मुलाजिमों के आने के लिए शहर को तैयार किया जा रहा है।