- बेस कैंप भगवती नगर में बिजली कारपोरेशन करवाएगा डीजी सेट मुहैया, लाइट के लिए बिजली के तार लगेंगे
- नगर निगम बनाएगा अस्थायी शौचालय, यात्री निवासों में कूड़ेदान रखवाए जाएंगे, सफाई के लिए अतिरिक्त स्टाफ होगा तैनात
- पेयजल सुविधा के लिए जल शक्ति विभाग मुहैया करवाएगा जगह-जगह टैंकर
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अमरनाथ यात्रा शुरू होने से ठीक नौ दिन पहले यानी 20 जून तक भगवती नगर बेस कैंप सहित अमरनाथ गुफा तक काम समेटने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जल शक्ति, बिजली और नगर निगम की ओर से योजनाबद्ध तरीके से काम आरंभ कर दिया गया है। वहीं, यात्री निवास भगवती नगर रंग-रोगन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अन्य इंतजाम किए जा रहे हैं।
नगर निगम ने बेस कैंप के बाहर अस्थायी शौचालय की सुविधा के लिए जगह का चयन करने का काम आरंभ कर दिया है। स्वास्थ्य विंग के चिकित्सा अधिकारी डा. विनोद शर्मा ने कहा कि शौचालय और कूड़ेदान रखने के लिए जगहों का चयन किया जा रहा है। यात्रा से पहले और यात्रा समाप्त होने तक सफाई की व्यवस्था नगर निगम देखेगा। कचरे को ठिकाने लगाने और साफ सफाई के लिए 200 से ज्यादा अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था रहेगी।
80 से ज्यादा अस्थायी नल लगाए जाएंगे
इसी तरह बेस कैंप और यात्री निवासों के बाहर पानी की व्यवस्था जल शक्ति विभाग करेगा। मौजूदा समय में बेस कैंप भगवती नगर में अस्थायी नल सुविधा के लिए पाइपें बिछाने पर काम आरंभ हो रहा है। इसके लिए जगह का चयन किया गया है। शहर भर में 80 से ज्यादा अस्थायी नल लगाए जाएंगे। इसके अलावा लंगर स्थलों में भी पानी टैंकर और अस्थायी नल सुविधा रहेगी।
बिजली जाने पर डीजी सेट से होगी आपूर्ति
बिजली कारपोरेशन की ओर से बेस कैंप में बिजली सुविधा के लिए डीजी सेट की व्यवस्था की जा रही है। बिजली गुल होने पर डीजीसेट के माध्यम से आपूर्ति होगी। इससे बाहरी राज्यों से आए श्रद्धालुओं को गर्मी के मौसम में परेशान नहीं होना पड़ेगा। अकसर बिजली गुल हो जाती है, इस कारण गर्मी में समय पास करना मुश्किल हो जाता है। बिजली कारपोरेशन के मुख्य अभियंता मनहर गुप्ता ने कहा कि डीजी सेट की सुविधा दी जाएगी।
इसके अलावा अस्थायी बिजली कनेक्शन की सुविधा यात्री निवास, लंगर और अन्य जगहों में होगी। इस पर काम आरंभ हो गया है। उधर, जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता संदीप डोगरा ने कहा कि टैंकर सुविधा, अस्थायी नल की सुविधा जगह-जगह दी जाएगी। पाइपें बिछाने के लिए खोदाई का काम आरंभ होगा।