देश के विभिन्न राज्यों में आगामी जुलाई में हो रही नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) से पहले जम्मू-कश्मीर में एमबीबीएस और बीडीएस का कामन एंट्रेंस टेस्ट करवाने की तैयारी की जा रही है। इसमें 15 से 20 जुलाई के बीच परीक्षा करवाना प्रस्तावित है। हालांकि अभी आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं की गई है।
इस परीक्षा की जुलाई में होने की घोषणा के बाद हजारों विद्यार्थी इसकी तैयारियों में जुट गए हैं। जेएंडके बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (बीओपीईई) की ओर से करवाई जा रही इस परीक्षा में बीस हजार के करीब विद्यार्थियों के बैठने की संभावना है। बोर्ड के चेयरमैन जीएच तांत्रे ने बताया कि विश्वविद्यालयों और कालेज प्रशासनों से बात चल रही है।
इसमें जुलाई में अन्य परीक्षा की तिथियों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा की तिथि तय की जाएगी। अगले कुछ दिन में नोटिफिकेशन जारी कर दी जाएगी। इस साल राज्य में ही बोर्ड द्वारा एमबीबीएस और बीडीएस की परीक्षा लेने पर स्थिति साफ होने के बाद विद्यार्थी परीक्षा की तैयारियों में जुटे हुए हैं। इनमें अधिकांश वे मेडिकल विद्यार्थी भी शामिल हैं, जो बोर्ड की ओर से पूर्व में ली गई अन्य विषयों की परीक्षा में भी बैठ गए थे। इन परीक्षाओं में करीब 29000 विद्यार्थी बैठे थे।
बारहवीं में हजारों विद्यार्थियों के उत्तीर्ण होने से एमबीबीएस और बीडीएस सीटों में मेरिट के लिए कांटे की टक्कर रहेगी। छात्र राहुल शर्मा ने कहा कि बोर्ड की दोबारा परीक्षा की घोषणा से उन्हें राहत मिली है।
पिछली बार की परीक्षा में वह पूरी तैयारी से नहीं बैठ पाए थे, लेकिन अब उन्हें करीब डेढ़ माह का समय मिला है। एक अन्य छात्रा मधु गुप्ता ने कहा कि इस बार बोर्ड की परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए सुनहरा मौका है, लेकिन अगले साल सभी को नीट की परीक्षा में बैठना पड़ेगा।