करवाचौथ के चांद का दीदार करने और व्रत रखने के लिए महिलाएं अपनी तैयारियों को लेकर बेहद मशगूल दिखाई दे रही हैं। करवाचौथ के व्रत को लेकर बाजारों और दुकानों में महिलाओं और अन्य खरीदारों की अच्छी-खासी रौनक देखने को मिल रही है।
इस मौके पर कांच की चूड़ियों से लेकर जरकन और मोती से सजी चूड़ियों के साथ दुकानदार ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश में लगे हुए हैं। पारंपरिक कांच की चूड़ियों के अलावा बाजारों और दुकानों में मेटल से लेकर लाख से बनी चूड़ियों की भी कई तरह की वैरायटी और रेंज देखने को मिल रही है।
पटेल बाजार में स्थित चूड़ियों की दुकान के कृपाल कुमार और राजू ने बताया कि कांच में प्लेन रंग से लेकर सितारों और मोती से सजी चूड़ियां हैं, जिनकी रेंज साठ रुपये दर्जन से लेकर साढ़े पांच सौ रुपये तक है।
जमकर खरीदारी कर रही महिलाएं
इसके अलावा मेटल की चूड़ियों में मोती, जरकन, वेलवेट स्टफ और चमकीले क्रिस्टल का इस्तेमाल किया है। इन चूड़ियों को सेट के तौर पर तैयार कर डेढ़ सौ रुपये से लेकर पंद्रह से ढाई हजार रुपये तक की रेंज में बेचा जा रहा है।
बुटीक के मालिक राजीव गुप्ता, कुणाल गुप्ता और अन्य दुकानदारों ने बताया कि इस बार गर्मियों से लेकर अब तक त्योहारों के सीजन में नियोन रंगों का क्रेज सिर चढ़कर बोल रहा है। लिंक रोड के बुटीक के मालिक राजीव गुप्ता ने बताया कि इन दिनों कराची सूट के फैशन का बोलबाला है।
उन्होंने बताया कि चंदेरी, शिफोन, जार्जेट और काटन स्टफ में कराची सूट आ रहे हैं, जिन पर गोटा पट्टी, वेलवेट वर्क, जरकन, कुंदन, मोती और दबका जैसे वर्क से सजे विभिन्न रेंज में मिल रहे हैं।