दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकियों ने सुरक्षा बलों के दो ठिकानों को निशाना बनाया। इस दौरान गर्भवती एक महिला की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च आपरेशन चलाया गया है।
जिले के शादीमर्ग में आतंकियों ने 42 राष्ट्रीय राइफल्स के कैंप पर यूबीजीएल ग्रेनेड से हमला किया। इसके बाद अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इसमें वहां से गुजर रही गर्भवती महिला फिरदौस घायल हो गई। उसे तत्काल पास के अस्पताल में ले जाया गया है। बताते हैं कि अस्पताल में उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना जिले का काकापोरा में हुए जहां आतंकियों ने सीआरपीएफ के 183 बटालियन के कैंप पर ग्रेनेड दागा।
हालांकि, इसमें किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है। घटना के बाद दोनों स्थानों पर व्यापक पैमाने पर सर्च आपरेशन चलाया गया है। पिछले कुछ दिनों से लगातार सुरक्षा बलों पर हो रहे हमलों से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां नए सिरे से रणनीति तैयार करने में जुट गई है।