इस सीजन रियासत में समय से पहले मानसून के आने की उम्मीद है। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में निरंतर प्री मानसून की बारिश के आसार हैं। अगले एक हफ्ते तक जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के कुछ और अधिकतर हिस्सों में तेज व हल्की बारिश होगी। इसमें आगामी 20 से 22 जून को जम्मू और कश्मीर के कई इलाकों में इंद्रदेव मेहरबान रहेंगे।
जम्मू-कश्मीर में अमूमन मानसून 30 जून तक पहुंचता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार मानसून में पर्याप्त बारिश से किसानों के साथ अन्य क्षेत्रों में राहत मिलेगी। जम्मू में पिछले चौबीस घंटे में 1.2 बारिश हुई। वर्ष 2016 में राज्य में मानसून सामान्य से दस दिन पहले तेज बारिश के साथ 21 जून को पहुंचा था। वर्ष 2015 में राज्य में मानसून 24 जून और 2014 में एक जुलाई को पहुंचा था। भारत के विभिन्न हिस्सों से होता हुआ राज्य में मानसून सामान्य में जून के अंत में पहुंचता रहा है।
मौसम विशेषज्ञ यशपाल शर्मा का कहना है कि आगामी दिनों में प्री मानसून की बारिश होने की उम्मीद है। इस साल भी मानसून के समय से पहले राज्य में दाखिल होने की पूरी उम्मीद है। मानसून के साथ ही आगामी 29 जून से अमरनाथ यात्रा शुरू हो रही है। जिससे शिव भक्तों को राज्य में सुहावने मौसम के साथ प्राकृतिक नजारों का मजा लेने का मौका मिलेगा।