कश्मीर घाटी में लगातार हो रही बारिश के चलते पैदा हुई स्थिति और सितंबर 2014 में आई भीषण बाढ़ से सबक लेते हुए श्रीनगर जिला प्रशासन ने व्यापक प्री फ्लड इवैक्यूएशन प्लान का गठन किया है। इस योजना का गठन जिला प्रशासन ने जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर किया है। इसके पीछे मुख्य उद्देश्य है बाढ़ के खतरे से लोगों को सुरक्षित रखना।
श्रीनगर जिले के जिला आयुक्त फारूक अहमद लोन ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी को ध्यान में रखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने एक प्री फ्लड इवैक्यूएशन प्लान का गठन किया है, जिससे लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर ले जाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिले को पांच जोन (जोन ए, जोन बी, जोन सी, जोन डी और जोन ई) में बांटा गया है।
प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी एक प्रशासनिक अधिकारी समेत एक पुलिस अधिकारी जोकि डीएसपी स्तर का होगा, उसको सौंपी गई है। लोन के अनुसार, प्रत्येक जोन में कई इलाके रखे गए हैं, जिनकी जिम्मेदारी वहां के पुलिस थाने के अधिकारी को दी गई है। हर इलाके के स्थान निर्धारित किए गए हैं।
लोन ने बताया कि आम जनता के लिए इस प्री फ्लड इवैक्यूएशन प्लान की पूरी जानकारी श्रीनगर जिले की वेबसाइट http://srinagar.nic.in/newsite/ या http://srinagar.nic.in/newsite/index.html से भी हासिल की जा सकती है।
जम्मू कश्मीर के एक पुलिस अधिकारी ने अमर उजाला को बताया कि खतरा महसूस होने पर लॉउड स्पीकरों के जरिये लोगों को घरों से निकलने की घोषणा की जाएगी। लोगों को निर्धारित स्थानों पर पहुंचना होगा, जहां से उन्हें पहले से निर्धारित शिविरों की ओर ले जाया जाएगा।
प्रशासन ने किया किश्तियों का प्रबंध
कश्मीर घाटी में अगले 48 घंटे भीषण बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने श्रीनगर और अनंतनाग के लिए किश्तियों का प्रबंध किया है। इन किश्तियों को विभिन्न पुलिस थानों के हवाले कर उनके फोन नंबर जारी किए गए हैं। प्रशासन ने किसी भी आपदा और जरूरत के समय इनसे संपर्क कर मदद मांगने की सलाह दी है।
श्रीनगर जिले के जिला आयुक्त फारूक अहमद लोन ने बताया कि पुलिस थाना पंथा चौक (9596770550) को 6 किश्तियां, पुलिस थाना पारिमपुरा (9596770558) को 4 किश्तियां, पुलिस थाना नौगाम (9596770559) को 11 किश्तियां, पुलिस थाना सद्दर (9596770523) को 4 किश्तियां, पुलिस थाना राजबाग (9596770524) को 4 किश्तियां, पुलिस थाना माईसुमा (9596770628) को 3 किश्तियां, पुलिस थाना बटमालू (9596770526) को एक किश्ती, पुलिस थाना कोठीबाग (9596770623) को 2 किश्तियां, पुलिस थाना छानपुरा (9596770529) को 2 किश्तियां, जबकि पुलिस कंट्रोल रूम श्रीनगर (9596222550) को 6 किश्तियां दी गई हैं।
इसके अलावा 8 किश्तियां जिला प्रशासन अनंतनाग के पास आपातकालीन स्थिति के लिए रखी गई हैं।
बाढ़ से निपटने को सेना की चार यूनिटें तैयार
कश्मीर घाटी में लगातार हो रही बारिश के कारण पैदा हुई स्थिति को ध्यान में रखते हुए श्रीनगर स्थित सेना की 15 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रता साहा ने बुधवार को बताया कि घाटी में तैनात सेना के सभी कंपनियों के ऑपरेटिंग बेस को अलर्ट कर दिया गया है। उन्हें किसी भी समय किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
वह कश्मीर के डिवीजनल कमिश्नर के साथ संपर्क साधे हुए हैं। सभी एजेंसियों के बीच पूरा तालमेल है। लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रता साहा ने बताया कि सेना की इंजीनियरिंग विंग के जवान बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए विशेष तौर से प्रशिक्षित हैं। बचाव अभियान के लिए श्रीनगर में उनके चार यूनिटों को तैयार रखा गया है।
प्रत्येक यूनिट के पास करीबन 30 रेस्क्यू बोट्स हैं। उन्होंने कहा कि एक बोट की क्षमता 17 व्यक्तियों को बचाने की है। साहा ने बताया कि इसके अलावा सेना की 25 मेडिकल टीमें भी उत्तरी, दक्षिणी और मध्य कश्मीर में विभिन जगहों पर तैनात की गई हैं।
कोर कमांडर के अनुसार, लाइफ जैकेट्स, पानी निकालने वाले पंप और जेसीबी भी सेना द्वारा तैयार रखे गए हैं। प्रत्येक रेस्क्यू टीम के साथ एक पैरा मेडिकल टीम भी रहेगी जो बाढ़ पीड़ितों को फर्स्ट एड पहुंचाएगी।