विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद पर आरोप लगाया कि वह पुनर्वास के बहाने जेएंडके पुलिस में पाक आर्मी की भर्ती कर रहे हैं। रियासती सरकार ने आतंकियों का पुनर्वास करवाने के लिए उन्हें पुलिस महकमे में शामिल करने की बात कही है, जो राष्ट्रविरोधी है।
तोगड़िया रविवार को जम्मू में आयोजित विश्व हिंदू परिषद के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेने आए थे। तोगड़िया ने कहा कि अलगाववादी मुसर्रत को फिर से गिरफ्तार किया जाए और इस फैसले के लिए मुफ्ती अवाम से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि मुफ्ती हिंदुओं के जनादेश पर मुख्यमंत्री बने हैं और उन्हें इस तरह के फैसले लेने का अधिकार नहीं है।
जनता कुर्सी दे सकती है बाहर भी बैठा सकती है। तोगड़िया ने कहा कि रियासत से अनुच्छेद 370 हर हाल में हटेगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की तरह ही हैदराबाद और जूनागढ़ जैसी रियासतें देश में शामिल हुईं हैं, तो जेएंडके को विशेष राज्य का दर्जा क्यों।