राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के चेयरमैन डा. हर्ष कुमार भनवाला ने कहा कि जम्मू कश्मीर में ‘सेल्फ हेल्प ग्रुप’ की अपार संभावनाएं हैं।
कटड़ा में इस संबंध में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए चेयरमैन ने रियासत में सक्रिय बैंकों से आह्वान किया कि वह इस आंदोलन में लगे सहायता प्राप्त गैर सरकारी संगठनों और ग्रुप को समर्थन करने वाली एजेंसियों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर काम करें।
उन्होंने कहा कि सेल्फ हेल्प ग्रुप को कठिनाई रहित ऋण प्रदान कर ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक विकास में योगदान किया जा सकता है। चेयरमैन उधमपुर और रियासी जिलों के सेल्फ हेल्प ग्रुप, गैर सरकारी संगठनों और प्रमुख बैंकों के सदस्यों को संबोधित कर रहे थे।
डा. भनवाल ने कहा कि रियासत में 90 हजार से ज्यादा सेल्फ हेल्प ग्रुप गठित करने की संभावनाएं हैं। इस दौरान उन्होंने वैसे बैंकों और हितधारकों की सराहना की, जो इस काम में पूरा योगदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नाबार्ड, बैंकों, गैर सरकारी संगठनों और सरकारी क्षेत्र के बीच सहयोगात्मक दृष्टिकोण के साथ हम ग्रामीण महिलाओं के लिए लघु उद्यम स्थापित करवा पाएंगे। इससे उन्हें आजीविका चलाने के अवसर मिल पाएंगे। इस मौके पर नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक शंकर ए पांडे और बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।