संवाद न्यूज एजेंसी
पौनी। कस्बे के मुख्य चौक से अप्पर बाजार और कान्हा की तरफ जाने वाली सड़क कुछ महीनों से नाले में तबदील हो चुकी है। मार्ग की स्थिति ठीक नहीं होने में कारण वाहन चालक अक्सर विपरीत दिशा में जाने के लिए मजबूर होते हैं। सड़क में बने गड्ढों से भी बचना पड़ता है। कई हादसे भी हो चुके हैं।
अगर बारिश हो जाती है तो सारा पानी गड्ढों में भर जाता है। पैदल चलने वाले राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है । स्थानीय दुकानदारों ने विभाग से अपील की है कि जल्द से जल्द प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क पर तारकोल बिछाया जाए ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।
पानी इसी मार्ग पर इकट्ठा होता है
पिछले लगभग पांच महीने से नालियों का पानी इसी मार्ग पर इकट्ठा होता है जिस कारण पूरी सड़क में गड्ढे बन गए हैं। कई बार हमारे सामने हादसे हो चुके हैं हमें लगता है कि समय रहते अगर इन गड्ढों को नहीं भरा जाता है तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
- विमल शर्मा, दुकानदार
-
अधिकारी भी इसी सड़क से गुजरते हैं
हैरानी होती है कि क्या विभाग को यह जानकारी नहीं है कि इस सड़क में इतने गड्ढे बने हुए हैं। क्या किसी हादसे का इंतजार किया जा रहा है मात्र पचास मीटर की जगह है। सरकारी अधिकारी भी इस सड़क से गुजर कर आते जाते हैं। लेकिन किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया।
-राकेश शर्मा,स्थानीय दुकानदार
-
कोट..
बहुत जल्द प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इस सड़क पर बने गढ़ों को भरने का काम किया जाएगा। लोगों के साथ पेश आ रही परेशानी को दूर किया जाएगा।
- अंकुश, जूनियर इंजीनियर, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना