सुरक्षा के लिए जम्मू पहुंचने लगीं अर्धसैनिक बलों की कंपनियां
श्री अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा का जिम्मा संभालने के लिए अर्धसैनिक बलों की कंपनियों के जम्मू पहुंचनी शुरू हो गई हैं। रविवार को बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बलों के जवान जम्मू रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्टेशन से जवानों को पुलिस लाइन जम्मू ले जाया गया। यहां से उन्हें ड्यूटी के लिए विभिन्न जिलों व संवेदनशील क्षेत्रों में भेजा जाएगा। श्री अमरनाथ यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए इस वर्ष सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। यात्रा मार्ग, आधार शिविरों, लंगर स्थलों, यात्री निवासों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। इसके लिए अर्धसैनिक बलों की 670 कंपनियां तैनात की जाएंगी। इन कंपनियों में लगभग 70 हजार जवान शामिल होंगे। सुरक्षा बलों की तैनाती चरणबद्ध तरीके से की जा रही है। आने वाले दिनों में और कंपनियां जम्मू पहुंचेंगी। सभी जवानों को उनकी जिम्मेदारियों व तैनाती स्थलों के बारे में जरूरी ब्रीफिंग भी दी जाएगी।
बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा
इस बार भी यात्रा के दौरान बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, नाकों में वृद्धि, हाईवे सुरक्षा, ड्रोन निगरानी व आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। एजेंसियां यात्रा को लेकर सतर्क हैं और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई है।