पौनी। कस्बे की महिलाओं की ओर से कस्बे में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर के खिलाफ अप्पर बाजार नृसिंह मंदिर के बाहर वीरवार की सुबह प्रदर्शन किया गया। स्थानीय महिलाओं ने कहा कि कस्बे में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं लेकिन कुछ घरों के एयर कंडीशनर विभाग की मिलीभगत से बिना मीटर के चल रहे हैं।
रितु व सुषमा गंडोत्रा ने बताया कि हम स्मार्ट मीटर के खिलाफ नहीं हैं लेकिन अधिकारियों ने कुछ घरों में स्मार्ट मीटर लगाए हैं और कई घरों में नहीं लगाए हैं। विभाग के अधिकारियों कि मिलीभगत से लोगों के एसी बाहर से कुंडिया डाल कर चल रहे हैं। यह कहां का इंसाफ है। उन्होंने कहा कि हम दो दिन का जिला प्रशासन को समय देते हैं अगर दो दिन में यह बिजली की चोरी बंद नहीं हुई हम भी अपने घरों पर लगे मीटर खोल देंगे।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि सबसे पहले विभाग को मल्टी केबल डालनी चाहिए थी ताकि बिजली चोरी न हो। अब जिन लोगों ने मीटर लगवाए हैं उनको नुकसान हो रहा है जिन्होंने नहीं लगवाए हैं वे कुंडियों के माध्यम से एसी चला रहे हैं।
मौके पर पहुंचे एसएचओ ने कहा कि आपकी समस्या विभाग के अधिकारियों को बताई जाएगी। इसके बाद महिलाओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इस अवसर पर अनीता, आरती, सुषमा, पूजा गंडोत्रा, हिमांशु गंडोत्रा, विक्की आदि मौजूद रहे।