कम्युनिटी फेसिलिटी सेंटर में वीरवार को थाना दिवस का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पौनी। स्थानीय कम्युनिटी फेसिलिटी सेंटर में वीरवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया। इसमें एसएसपी परमवीर सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका निपटारा किया। लोगों ने मांग की कि नशे की आदी लोगों पर शिकंजा कसा जाए। इसके लिए पुलिस की ओर से नाके बढ़ाए जाएं।
एसएसपी ने कहा कि थाना दिवस का मतलब है जनता व पुलिस के बीच में तालमेल ताकि समाज में चल रही कुरीतियों पर समय रहते रोक लगाई जा सके। जिला विकास परिषद की सदस्य रीता शर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान सराहनीय है। जो भी गाड़ी नाके से होकर गुजरती है सबकी चेकिंग की जानी चाहिए, चाहे कोई डीडीसी हो या फिर मंत्री। नशे पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए।
पूर्व पंच बाबू राम ने बताया कि पहले पुलिस की गाड़ियां रात्रि के समय में सायरन बजाती थीं। कुछ महीने से सायरन बंद हैं। हम चाहते हैं कि यह रात्रि में गश्त हो और सायरन बजाया जाए। वहीं विकास गंडोत्रा ने बताया कि शिवखोड़ी में जाने वाले यात्री वाहनों को बाजार में पांच मिनट के लिए अगर कोई वाहन रुकना चाहता है तो उसे रुकने की अनुमति दी जाए ताकि बह बाजार से खरीदारी कर सके। इससे दुकानदारों को भी मुनाफा होगा।
इस मौके पर डीएसपी अश्विनी शर्मा, डीएसपी उजाला, एसएचओ सोहन सिंह बंदराल, माड़ी नाला के पूर्व सरपंच प्रकाश सिंह, कान्हा के पूर्व सरपंच संजीव शर्मा,कोठियां की पूर्व सरपंच नीलम शर्मा,जमील, संजय,मानिक शर्मा, रज्जू शर्मा व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।