पौनी। इलाके के लोगों को अब अल्ट्रासाउंड की सुविधा स्थानीय प्राइमरी हेल्थ सेंटर (पीएचसी) में ही मिलेगी। वीरवार को अल्ट्रासाउंड मशीन पीएचसी में पहुंची जिसके बाद स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।
गौरतलब है कि तहसील स्तर पर स्थित पीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं होने से लोगों को प्राइवेट क्लीनिक में ही जाकर अल्ट्रासाउंड करवाना पड़ता था। कई लोगों को सुंदरबनी व रियासी जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने जाना पड़ता था। अल्ट्रासाउंड मशीन पहुंचने के बाद स्थानीय लोग ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर मोहम्मद अशरफ कोली से मिलने पहुंचे।
विज्ञापन
दीदार सिंह, बाबू राम, सूरज प्रकाश, अर्जुन केसर, ओम प्रकाश वाशी और मुनीर हुसैन ने मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि बीएमओ के प्रयास से अल्ट्रासाउंड मशीन भी आ गई है। वह खुद मरीजों की जांच कर रहे हैं। इससे मरीजों को इलाज के लिए अन्य स्थानों में नहीं जाना पड़ रहा है।
इसके अलावा अल्ट्रासाउंड मशीन को बीएमओ खुद ऑपरेट करेंगे जिस से लोगों को व खास कर महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका समय और पैसे दोनों बचेंगे।