पौनी। स्थानीय राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में नई इमारत का निर्माण कार्य जारी है लेकिन नींव से निकलने वाली मिट्टी व मलबे को खेल मैदान में फेंका गया है। इससे विद्यार्थियों को खेलकूद की गतिविधियों से वंचित होना पड़ रहा है।
बता दें कि स्कूल में कमरे बनाने का काम चल रहा है। ग्रीष्मकालीन अवकाश होने से पहले इमारत बनाने का काम शुरू किया गया था। इमारत की नींव से निकलने वाली मिट्टी को खेल मैदान में फेंक दिया गया। इस वजह से बच्चों को खेलने के लिए मैदान नहीं मिल रहा। वहीं बारिश होने के कारण मैदान पर जमा मलबे ने कीचड़ का रूप ले लिया है।
विज्ञापन
स्वतंत्रता दिवस भी निकट आ रहा है। एकमात्र स्कूल ग्राउंड होने के कारण यहां पर ही अनेक स्कूलों के विद्यार्थी स्वतंत्रता दिवस की तैयारी करेंगे। अगर समय रहते यह मैदान पर पड़ा मलबा नहीं हटाया गया तो अभ्यास करने में भी छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
स्कूल के इंचार्ज प्रिंसिपल संजय खजूरिया ने बताया कि स्कूल की नई इमारत का काम चल रहा है। ठेकेदार ने काम के दौरान जो मलबा निकाल कर मैदान में फेंका था उसे हटाने के लिया कहा गया है जल्द ही मैदान की स्थिति ठीक होगी।