- मतगणना केंद्र के बाहर धारा 144 लागू, जीत के बाद रैली निकालने के लिए लेनी होगी अनुमति
-पटाखे फोड़ने की अनुमति नहीं, न ही मतगणना केंद्र के अंदर कोई नारे लगाएगा
- कोई दल या नेता अपने साथ झंडा लेकर मतगणना केंद्र परिसर में नहीं आएगा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। लोकसभा चुनाव में जम्मू संसदीय सीट पर मतगणना मंगलवार को होगी। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। जिला प्रशासन की तरफ से मतगणना ड्यूटी पर तैनात कर्मियाें को पहचान पत्र जारी कर दिए गए हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों के एक हजार एजेंटों को भी आईकार्ड दिए गए हैं। वहीं करीब 2500 कर्मियों को मतगणना के लिए तैनात किया गया है।
इसकी जानकारी जम्मू सीट के रिटर्निंग अधिकारी सचिन कुमार वैश्य ने दी है। इसके अलावा मतगणना केंद्र के बाहर धारा 144 लागू की गई है जो पांच जून तक रहेगी। इससे पहले सोमवार को सुबह जिला उपायुक्त सचिन कुमार ने चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों, उनके एजेंटों के साथ बैठक कर जरूरी हिदायतें जारी कीं ताकि मतगणना के वक्त किसी को कोई दिक्कत पेश आए। डीसी ने धारा 144 को लेकर एक आदेश भी जारी किया। जारी आदेश के तहत मतगणना केंद्र के आसपास 100 मीटर के दायरे में कोई भीड़ नहीं जमा होगी। जीत के बाद कोई दल या नेता सड़कों पर बिना अनुमति के रैली नहीं निकालेगा। किसी भी सार्वजनिक स्थल या मतगणना केंद्र के अंदर पटाखे नहीं फोड़े जाएंगे। कोई दल या नेता अपने साथ कोई झंडा लेकर मतगणना केंद्र परिसर में नहीं जाएगा। न ही किसी तरह का नारा लगाएगा। मतगणना केंद्र परिसर में जीत घोषित होने पर कोई लाउडस्पीकर का इस्तेमाल नहीं होगा। डीसी जम्मू सचिन कुमार का कहना है कि उम्मीदवारों, उनके एजेंटों, कर्मियों को चुनाव आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देश बता दिए गए हैं।
स्ट्रांग रूम सुरक्षा घेरे में लिया, एक हजार सुरक्षाकर्मी तैनात
जम्मू। जम्मू संसदीय सीट के लिए मंगलवार को होने वाली मतगणना को लेकर स्ट्रांग रूम को कड़े सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। पॉलिटेक्निक कॉलेज जम्मू में मतगणना होगी। पुलिस के तमाम अधिकारी निजी तौर पर स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रहे हैं। स्ट्रांग रूम के बाहर से लेकर अंदर तक सुरक्षा घेरा बनाया गया है। भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। यहां तक कि मतगणना केंद्र के आसपास के 100 मीटर तक क्षेत्र में भी पुलिस की तैनाती की गई है। करीब एक हजार सुरक्षाकर्मियों को मतगणना केंद्र परिसर से लेकर बाहर तक तैनात किया गया है।
यातायात पुलिस ने रूट प्लान जारी किया
मतगणना केंद्रों वाले रूटों पर आवाजाही बंद रहेगी। यातायात पुलिस ने इसके लिए रूट प्लान जारी किया है। एसएसपी ट्रैफिक फैजल कुरेशी के अनुसार मतगणना वाले के दिन गुलशन मैदान चौक से बिक्रम चौक की तरफ और बिक्रम चौक से एशिया चौक क्रासिंग पर यातायात बंद रहेगा। सिर्फ आरओ/एआरओ/पर्यवेक्षकों/क्षेत्रीय अधिकारियों/पहचान पत्र रखने वाले उम्मीदवारों के वाहनों को उनके संबंधित मतगणना केंद्रों की ओर कट ऑफ पॉइंट पर आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी। नरवाल एवं रेलवे स्टेशन से डोगरा चौक की ओर आने-वाले वाहनों को बीआर आंबेडकर चौक से एशिया क्रॉसिंग की ओर मोड़ दिया जाएगा। रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले वाहन अपने गंतव्य के लिए गुज्जर नगर पुल का विकल्प चुनेंगे। गांधी नगर/शास्त्री नगर/त्रिकुटा नगर/सांबा-कठुआ जाने वाले वाहनों को बिक्रम चौक से फ्लाई-ओवर के माध्यम से मोड़ा जाएगा।