सांबा। राजपुरा में जलशक्ति विभाग की ओर से लगाए जाने वाले ट्यूबवेल के लिए राजपुरा ब्लॉक के बीडीसी चेयरमैन राधा कृष्ण ने अपनी भूमि दान में दी है। इसका स्थानीय लोगों ने आभार जताया है।
पूर्व सरपंच भारत इंदु शर्मा, गणेश दास, सुभाष चंद्र और पंच कुलदीप कुमार ने बताया कि इस दौर में लाखों की भूमि दान करना कोई आसान नहीं है। फिर भी बीडीसी चेयरमैन ने लोगों की सुविधा के लिए अपनी बेश कीमती भूमि दान में देकर जलशक्ति विभाग का ट्यूबवेल लगाने का काम शुरू कराया है। स्थानीय लोगों के अनुसार राजपुरा में एक ही ट्यूबवेल होने से पानी की किल्लत बनी रहती है। बीडीसी चेयरमैन के प्रयास से केंद्र सरकार की जलशक्ति योजना के अंतर्गत 6.5 करोड़ की लागत से लगने वाले ट्यूबवेल का गत दिवस उद्घाटन किया गया। नया ट्यूबवेल लगने से राजपुरा के लोगों को पेयजल की किल्लत से छुटकारा मिल सकेगा।