हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ करतीं इल्तिजा मुफ्ती।
- जम्मू-कश्मीर में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए जन समर्थन जुटाने में जुटी पीडीपी
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए जन समर्थन जुटाने को हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। इसका उद्देश्य पार्टी के विधायक मीर मोहम्मद फैयाज की ओर से प्रस्तावित विधेयक के लिए लोगों का समर्थन जुटाना है, जो शराब पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग करता है।
पार्टी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने शनिवार को शेर-ए-कश्मीर पार्क में इस अभियान की शुरुआत करनी थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां जाने से रोक दिया। इसके बाद उन्होंने पार्टी कार्यालय से अभियान की शुरुआत की। इल्तिजा ने कहा, नशे व शराब का सेवन समाज की नैतिक संरचना को प्रभावित कर रहा है। हमारा उद्देश्य इसके खिलाफ जागरूकता फैलाना है। पिछले कुछ वर्षों में जम्मू-कश्मीर में शराब की दुकानों की संख्या बढ़ी है। हम जनता से इस अभियान का समर्थन करने की अपील करते हैं। इल्तिजा ने अन्य राजनीतिक पार्टियों से भी इसका समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक नहीं, बल्कि एक सामाजिक मुद्दा है। पीडीपी नेता ने पार्टी कार्यालय के बाहर पुलिस तैनात करने पर भी टिप्पणी की। कहा, हम यहां किसी भी अव्यवस्था को पैदा करने के लिए नहीं आए हैं। हम सिर्फ लोगों से अपील करने आए हैं कि वे नशे से दूर रहें। शराब एक गंभीर मुद्दा है और इसे प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह बिहार, गुजरात और नगालैंड को शराब-मुक्त राज्य बनाया गया है। उसी तरह हम जम्मू-कश्मीर को भी शराब मुक्त राज्य बनाने की वकालत करते हैं।