महिलाओं व मुस्लिम चेहरों को तवज्जो, पूर्व मंत्रियों-विधायकों को भी मिली जगह
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई की नई टीम का लंबे समय से हो रहा इंतजार आखिरकार वीरवार को खत्म हो गया। प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की सहमति से जम्मू-कश्मीर इकाई के नए पदाधिकारियों के नामों की सूची जारी की।
कुछ को प्रोत्साहन और प्रमोशन मिला है। एससी-ओबीसी के साथ ही महिलाओं व मुस्लिम चेहरों, पूर्व मंत्री और पूर्व विधायकों के
अनुभवों का लाभ भी टीम को मिलता रहे, इसका भी ध्यान
रखा गया है।
नई कार्यकारिणी में पूर्व विधायक भारत भूषण लोधी, पूर्व मंत्री प्रिया सेठी, पूर्व मंत्री चौधरी जुल्फकार अली, वरिष्ठ नेता राजीव चांढक, राकेश महाजन, रेखा महाजन के अलावा बीजेपी ओबीसी बोर्ड के वाइस चेयरमैन रह चुके रशपाल वर्मा के अलावा मुस्लिम और महिला चेहरा डाॅ. शहनाज गनई को उपाध्यक्ष बनाया गया है।
...ताकि पद की जिम्मेदारियों पर हो फोकस
सूची फाइनल होने के दौरान ही इस बात की चर्चा रही कि इस बार प्रदेश कार्यकारिणी में विधायकों को शामिल नहीं किया जाएगा। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि जिम्मेदारियों पर फोकस हो सके और नए चेहरों को जगह मिल सके, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। अभी तक जनरल सेक्रेटरी रहे नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा, डाॅ. विबोध गुप्ता और डाॅ. देवेन्द्र मन्याल की जगह महिला मोर्चा की अध्यक्ष रहीं संजीता डोगरा के अलावा पूर्व उप महापौर रहे बलदेव सिंह बलोरिया के अलावा अनवर खान और गोपाल महाजन को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
n
कुछ को दोहराया गया, धैर्य का भी ईनाम मिला: सूची में कुछ पुराने नाम भी हैं। डाॅ. मैक्सन टिक्कू सोशल मीडिया संयोजक, एडवोकेट सुनील सेठी मुख्य प्रवक्ता. डॉ. प्रदीप महोत्रा मीडिया संयोजक हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं के परिवार के सक्रिय सदस्यों को भी पार्टी के प्रति लगाव का इनाम मिला है। आरती जसरोटिया, रीमा पाधा, दिनेश शर्मा, मुदस्सिर वानी, मंजीत राजदान, अरुण शर्मा, आरिफ राजा, पवन शर्मा को सचिव बनाया गया है। प्रभात सिंह जम्वाल को कोषाध्यक्ष और रमन सूरी को सह-कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। तिलक राज गुप्ता को कार्यालय सचिव और शील मागोत्रा को सह-कार्यालय सचिव बनाया गया है। गौरव बलगोत्रा को आईटी संयोजक और अब्दुल मजीद को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। एडवोकेट सजिद यूसुफ शाह को सह-मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं, वेद प्रकाश को प्रकोष्ठ संयोजक, मनीष खजूरिया और बिलाल पर्रे को सह-संयोजक बनाया गया है।