- अहमदाबाद में आठ और नौ अप्रैल को खरगे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी समेत कई दिग्गज नेता रहेंगे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। गुजरात के अहमदाबाद में होने जा रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रदेश के कई नेता मौजूद रहेंगे। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष समेत 55 नेताओं को इस अधिवेशन के लिए आमंत्रित किया गया है। आठ और नौ अप्रैल को होने वाले आयोजन में पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। पार्टी ने पुराने व नए नेताओं को आमंत्रित किया गया है, ताकि तालमेल बना रहे। अधिवेशन में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी समेत पार्टी के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।
जानकारी के अनुसार, अधिवेशन में प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा, कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला, सदन में विपक्ष के नेता गुलाम अहमद मीर, विधायक पीरजादा मोहम्मद सईद, पूर्व केंद्रीय मंत्री सैफुद्दीन सोज के बेटे सलमान सोज, मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद, पूर्व मंत्री योगेश साहनी, मनमोहन सिंह आदि को आमंत्रित किया गया है। मुख्य प्रवक्ता रविंदर शर्मा ने बताया कि अधिवेशन में पार्टी के बड़े नेताओं को अहमदाबाद में आमंत्रित किया गया है। कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। कश्मीर से भी कई नेताओं को बुलाया गया है। बता दें कि अभी चार अप्रैल को ही दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की है। हालांकि इसको लेकर कांग्रेस के भीतर आपसी मतभेद भी खुलकर सामने आए। श्रीनगर के कुछ कार्यकर्ताओं ने बैठक में हिस्सा न लेने देने पर नारेबाजी की थी।