जम्मू। प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राज्य दर्जा बहाली के लिए पार्टी हमारी रियायत, हमारा हक अभियान शुरू करने जा रही है। इसकी शुरुआत वीरवार को उधमपुर से होगी। पार्टी जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान को भी तेज करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि कांग्रेस ने राज्य का दर्जा बहाली का मुद्दा लेकर ही चुनाव लड़ा था। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इसे बहाल करने का कोई इरादा नहीं रखती। प्रेसवार्ता में कर्रा ने कहा कि कांग्रेस राज्य के लिए आंदोलन को तेज करने के लिए लोगों तक पहुंचेगी। इससे हम केंद्र को संदेश देंगे।
जनसंपर्क अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के समक्ष आ रही समस्याओं को सुनना तथा उन्हें उजागर करना तथा अगले महीने आने वाले विधानसभा सत्र में उन मुद्दों पर चर्चा करना भी है। पिछले सप्ताह की शुरुआत में कश्मीर घाटी में जिलावार समीक्षा बैठकों के दौरान कार्यकर्ताओं ने किसानों, बेरोजगार युवाओं, व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों, दिहाड़ी मजदूरों, दैनिक एवं आकस्मिक श्रमिकों सहित लोगों की कई समस्याओं को उजागर किया।
अभूतपूर्व मूल्य वृद्धि और विभिन्न प्रकार के भारी करों, आबकारी नीति, शिक्षा प्रणाली और स्वास्थ्य मुद्दों, खासकर बिजली दरों और मुफ्त बिजली इकाइयों के वादे के बारे में भी बताया। मौजूदा आबकारी नीति और सरकार को राजस्व हानि की रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए और वर्तमान नीति की तुरंत समीक्षा करने के अलावा नशीली दवाओं के व्यापार की अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी की मांग की। ब्यूरो