- कठुआ में पार्टी के अधिवेशन में पहुंचे नेकां प्रमुख, कहा, राज्य का दर्जा जल्द होगा बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में उपराज्यपाल ने हमारी बिजली राजस्थान और यूपी को दे दी। हम बिजली कहां से लाएं, यह नहीं सोचा। नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरवार को कठुआ के बरनोटी में पार्टी के एक दिवसीय अधिवेशन में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि हम बहुत सी चीजें नहीं कर सकते, लेकिन जम्मू-कश्मीर राज्य का दर्जा जल्द बहाल होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा हरि सिंह सही थे, जिन्होंने यह कानून लाया था। तब हिंदोस्तान-पाकिस्तान नहीं था। उन्हें पता था कि डोगरे गरीब और पंजाब के लोग अमीर हैं। वे जम्मू-कश्मीर की जमीनें ले जाएंगे। तभी 1927 में कानून लाया गया। यही अनुछेद 370 में तब्दील हुआ। 35-ए में भी यही था कि यहां पहले नौकरी हमारे बच्चों को मिले। लेकिन, आज बाहर से लोग लाए जा रहे हैं। यहां पर बसाए जा रहे हैं। डोगरे सिर्फ हिंदू नहीं हैं। यहां के सिख, मुसलमान और ईसाई बाशिंदे भी डोगरे हैं।
भाजपा पर तंज कसते हुए नेकां प्रमुख ने कहा, हमें नफरत पैदा नहीं करनी है। हमने कभी नहीं कहा कि हिंदू खतरे में हैं, मुसलमान खतरे में हैं। जिनको आपने वोट दिए, उन्होंने ही आपको खतरे में डाला। आरोप लगाया कि जो सरकार दस साल से हुकूमत कर रही है, वह एक प्राइमरी हेल्थ सेंटर (पीएचसी) तक नहीं बना सकी। रावी दरिया का पानी कंडी के खेतों तक नहीं पहुंच सका। फारूक ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों की कमी है। हमारे पास पढ़े-लिखे बच्चे हैं, लेकिन किसी ने इन्हें नौकरी नहीं दी। पूर्व मुख्यमंत्री ने नशे को लेकर भी पूर्व सरकार को घेरा और आम लोगों को इससे दूर रहने की नसीहत दी। साथ ही पंचायत चुनाव में पढ़े-लिखे प्रतिनिधियों को चुनने का आह्वान किया।