-इसके साथ फोटो अटैच की गई है-
पार्टी ने विधानसभा चुनाव में निर्वाचित प्रत्याशियों को किया सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा कि विधानसभा में प्रतिपक्ष का नेता चुनने के लिए जल्द केंद्रीय पर्यवेक्षकों की अध्यक्षता में विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें पर्यवेक्षक व जम्मू-कश्मीर के प्रभारी तरुण चुघ और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी पार्टी के विजयी प्रत्याशियों के साथ चर्चा कर आगे की कार्रवाई के लिए शीर्ष नेतृत्व को रिपोर्ट करेंगे।
पार्टी मुख्यालय जम्मू में सोमवार को नवनिर्वाचित पार्टी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए रैना ने कहा कि भाजपा को और मजबूत बनाने के लिए जम्मू-कश्मीर में भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। विपक्ष के नेता के चयन की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। सांविधानिक प्रक्रिया का पालन किया जाएगा। विधानसभा चुनाव हो चुके हैं और नई सरकार के गठन के लिए केंद्र शासित प्रदेश में राष्ट्रपति शासन हटा दिया गया है। भाजपा ने इस विधानसभा चुनाव में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसके लिए हम केंद्र शासित प्रदेश की जनता, खासकर जम्मू क्षेत्र के लोगों को धन्यवाद देते हैं, जिन्होंने उत्साहपूर्वक मतदान करके हमारे 29 प्रत्याशियों को चुना। भाजपा ने करीब 26 प्रतिशत वोट हासिल किए हैं। वोट शेयर और सीटों की संख्या के मामले में जम्मू-कश्मीर में भाजपा का यह सबसे बेहतर प्रदर्शन रहा है। 2014 में पार्टी ने 25 सीटें जीती थीं। इस अवसर पर रविंद्र रैना ने कहा, भाजपा जम्मू-कश्मीर की जनता की ऋणी है, जिन्होंने मजबूत राष्ट्रवादी सिद्धांतों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई कार्य संस्कृति से प्रेरित भाजपा पर अपना विश्वास जताया है। प्रदेशाध्यक्ष के साथ जम्मू-कश्मीर भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष सत शर्मा, सांसद (लोकसभा) जुगल किशोर शर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता, महासचिव (संगठन) अशोक कौल और विधायक एवं महासचिव जम्मू-कश्मीर भाजपा सुनील शर्मा ने पार्टी के नवनिर्वाचित प्रत्याशियों का अभिनंदन किया।
लोगों की सेवा के लिए उपलब्ध रहें विजयी प्रत्याशी
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने जोर दिया है कि पार्टी का हर निर्वाचित प्रत्याशी जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए उनकी इच्छा के अनुसार उपलब्ध रहे। सभी विजयी प्रत्याशी अपने विधानसभा क्षेत्रों के साथ क्षेत्र के विकास में भरपूर योगदान दें। विधायक मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाएं अधिक से अधिक गरीबों और जरूरतमंदों के दरवाजे तक पहुंचाने का काम करें। पार्टी के सभी नुमाइंदे लोगों के प्रतिनिधि के रूप में अपनी भूमिका निभाते हुए निस्वार्थ भाव से उनकी सेवा करें।