- दक्षिण कश्मीर की 16 विधानसभा सीटों से इस बार चुनावी मैदान में नहीं महबूबा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर विधानसभा की 90 सीटों में से 24 के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस बार दक्षिण कश्मीर से महबूबा मुफ्ती चुनावी मैदान में नहीं हैं। महबूबा का गढ़ माने जाने वाले दक्षिण कश्मीर की अनंतनाग सीट से बेटी इल्तिजा मुफ्ती चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में इस बार महबूबा मुफ्ती अपने गढ़ से चुनाव न लड़कर किसी दूसरे स्थान से सुरक्षित सीट की तलाश में हैं।
पहले चरण की 24 सीटों में दक्षिण कश्मीर की 16 सीटों पर मतदान है। 2014 महबूबा मुफ्ती ने दक्षिण कश्मीर की अनंतनाग सीट से चुनाव जीता था और मुख्यमंत्री बनी थीं। इस बार महबूबा मुफ्ती ने यहां से चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया है। अगले दो चरण में वह किसी सुरक्षित सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। दक्षिण कश्मीर से पीडीपी का विशेष नाता रहा है। पार्टी संस्थापक मुफ्ती मोहम्मद सैय्यद 1998 से 1999 तक दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग से सांसद रहे थे। 1962 में वह बिजबिहाड़ा से विधायक बने थे। 1999 बिजबिहाड़ा से पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने विधानसभा का चुनाव जीता। 2002 के विधानसभा चुनाव में वह पहलगाम से जीतीं और 2004 में अनंतनाग से सांसद भी रहीं। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनावों में महबूबा मुफ्ती को अनंतनाग-राजोरी सीट से हार मिली। लेकिन दक्षिण कश्मीर के विस हलकों में उन्हें अच्छा वोट मिला था।