भाजपा और कांग्रेस ने तेज कीं तैयारियां, 12 अगस्त को सत्तापक्ष 43 विस क्षेत्रों में खोल रहा पार्टी कार्यालय
- 13 अगस्त को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे के साथ बैठक, चुनाव पर होगी मंथन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट के साथ सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। राष्ट्रीय दलों में भाजपा और कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सत्तापक्ष भाजपा के पूरी ताकत के साथ चुनाव तैयारियों में जुट जाने से चुनाव का जल्द होना भी तय माना जा रहा है।
भाजपा 12 अगस्त को जम्मू संभाग के सभी 43 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यालय खोलकर राजनीतिक गतिविधियां तेज करेगी। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विकार रसूल और जम्मू-कश्मीर के प्रभारी भरत सिंह सोलंकी को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बैठक के लिए 13 अगस्त बुलाया है।
दिल्ली में हाल ही में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बैठक कर चुनाव की रणनीति पर चर्चा की थी। इसमें सभी से सुझाव मांगे गए हैं। फीडबैक लेने के बाद अब खरगे ने प्रदेशाध्यक्ष और प्रभारी को दिल्ली में बुलाया है। सूत्रों के अनुसार इस अहम बैठक में जम्मू कश्मीर के राजनीतिक और दूसरे परिदृश्य की जानकारी ली जाएगी। उधर, नेकां अध्यक्ष डाॅ. फारूक अब्दुल्ला के विधानसभा की सभी 90 सीटों पर लड़ने की बात कहने के बाद कांग्रेस में सीट गठबंधन पर अभी कुछ साफ नहीं हो पाया है। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला का कहना है कि लोकसभा चुनाव में सीट गठबंधन से कांग्रेस और नेकां ने बेहतर प्रदर्शन किया है। इस गठजोड़ पर अंतिम फैसला दिल्ली नेतृत्व को लेना है। हम अपनी तरफ से भी पूरी सीटों पर लड़ने के लिए तैयारी कर रहे हैं।
भाजपा सभी सीटों पर लड़ने के लिए तैयार
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना का कहना है कि हम चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। हमारी कोशिश सभी सीटों पर लड़ने की है। लेकिन अगर कश्मीर में कोई निर्दलीय हमसे समर्थन मांगता है और उसमें हमारा लाभ होता है तो हम जरूर विचार करेंगे। 15 अगस्त के बाद कश्मीर में भी सभी विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यालय खोलने पर काम किया जाएगा।