- जम्मू-कश्मीर भाजपा के कई दिग्गजों ने दिल्ली में डेरा डाला
- अभी तक डिप्टी स्पीकर के पद पर भी कोई घोषणा नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। विधानसभा में विपक्ष के नेता के लिए दिवाली के बाद भाजपा में किसी विधायक सदस्य को चुनने की तैयारी की जा रही है। विपक्ष के इस अहम पद के लिए कई दिग्गज दौड़ में हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, दावेदारी की दौड़ में शामिल कई वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली हाईकमान में डेरा डाला हुआ है। विपक्ष के नेता को कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिलता है, जिससे विपक्ष में यह पद काफी अहम माना जा रहा है। भाजपा अभी तक डिप्टी स्पीकर के पद पर भी किसी नाम की घोषणा नहीं कर पाई है।
विधानसभा स्पीकर को चार नवंबर को होने वाले सत्र में चुना जाना है। इस सत्र से पहले विपक्ष के नेता को भी चुना जाना है। भाजपा की ओर से जम्मू कश्मीर के प्रभारी तरुण चुघ व एक केंद्रीय मंत्री को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया है। लेकिन चुनाव के बाद इन सदस्यों का अभी जम्मू कश्मीर का दौरा नहीं हुआ है। पार्टी वरिष्ठ नेताओं और अन्य वर्ग को संतुलन बनाकर विपक्ष के नेता और डिप्टी स्पीकर के नाम का चुनाव करने में जुटी हुई है, ताकि जल्दबाजी में किसी नाम पर मुहर लगा देने से आगामी पंचायती और स्थानीय निकाय चुनाव में पार्टी के भीतर किसी तरह का विरोध या नुकसान न उठाना पड़े। चूंकि सत्ता में मौजूदा उमर की नेकां सरकार है। ऐसे में भाजपा इस पर भी गौर कर रही है, कि विधानसभा में उनकी ओर से कौन सा चेहरा नेकां को प्रभावशाली जवाब दे सकता है। भाजपा के 29 विधायकों में नगरोटा से देवेंद्र सिंह राणा और सुरजीत सिंह सलाथिया दूसरी बार विजयी रहे हैं और दोनों ही पहले नेकां के खास सदस्य रहे हैं। खासतौर पर राणा, उमर अब्दुल्ला के लंबे समय तक राजनीतिक सलाहकार रहे हैं। इसी तरह कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले शाम लाल शर्मा का भी दबदबा रहा है। भाजपा की ओर से पूर्व मंत्री सुनील शर्मा का चेहरा भी मजबूत माना जा रहा है। पिछले दो चुनाव में भाजपा को एससी की लगातार सात सीटों से जीत मिली है, इस लिए एससी से दूसरी बार जीते पूर्व मंत्री डाॅ. डीके मन्याल की दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है। इसके अलावा विधायक आरएस पठानिया और सरदार नरेंद्र सिंह के नाम पर भी चर्चा चल रही है। हालांकि किसने नाम पर पार्टी की ओर से मुहर लगाई जाएगी यह रहस्य बना हुआ है।
-
हम जल्द विपक्ष का नेता चुनेंगे : चुघ
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व जम्मू-कश्मीर के प्रभारी तरुण चुघ का कहना है कि हम जल्द ही विपक्ष का नेता चुनेंगे। कुछ नामों पर चर्चा हो रही है, लेकिन अंतिम फैसला लिया जाना बाकी है।