-अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा इलाके में थाने के बाहर धरना देकर किया था धारा 144 का उल्लंघन
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। कश्मीर में चुनाव अधिकारियों ने आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन के लिए पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि महबूबा और उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा इलाके में थाने के बाहर धरना देकर धारा 144 का उल्लंघन किया है।
पीडीपी अध्यक्ष ने अपने खिलाफ एफआईआर दर्ज होने को ''''मनोरंजक'''' बताया। उन्होंने कहा, आदर्श आचार संहिता के स्पष्ट उल्लंघन के लिए मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज होना मनोरंजक है। यह वह कीमत है जो पीडीपी ने सत्ता के सामने सच बोलने के लिए चुकाई है। हमारा विरोध भारत सरकार द्वारा स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर पीडीपी के सैकड़ों पोलिंग एजेंटों और कार्यकर्ताओं को मतदान के कुछ ही घंटों पूर्व हिरासत में लेने के खिलाफ था। एक्स पर पोस्ट में महबूबा ने कहा, अभी भी संतुष्ट नहीं होने पर वही प्रशासन हमारे मतदाताओं को आतंकित करने और उन्हें वोट देने के अधिकार का प्रयोग करने से रोकने के लिए पारंपरिक पीडीपी के गढ़ क्षेत्रों में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू कर रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने छठे चरण में अनंतनाग-राजोरी संसदीय सीट पर मतदान के दौरान शनिवार को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में एक पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था।