अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। लद्दाख के एलजी कविंद्र गुप्ता ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। दोनों के बीच लद्दाख की प्रमुख विकास परियोजनाओं पर चर्चा हुई।
एलजी ने खट्टर से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लद्दाख में शहरी आवास परियोजना की जरूरत पर बात की। कहा कि लेह और कारगिल शहरों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए यह जरूरी है।
एलजी कविंद्र गुप्ता ने खट्टर के सामने लद्दाख में गहराते भूजल संकट का भी मुद्दा उठाया। कहा कि इस गंभीर समस्या का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक है। उपराज्यपाल ने केंद्रीय मंत्री को लेह और कारगिल शहरों के लिए क्रमशः 334.72 करोड़ और 373.17 करोड़ रुपये की लागत वाली जलापूर्ति परियोजनाओं की जानकारी दी।
इन्हें लद्दाख की राज्य उच्चाधिकार प्राप्त संचालन समिति अनुमोदित कर चुकी है। साथ ही अमृत 2.0 के तहत 12वीं सर्वोच्च समिति की ओर से भी मंजूरी दी गई है। एलजी ने बताया कि इन परियोजनाओं को 62 करोड़ रुपये (प्रति परियोजना 31 करोड़ रुपये) की प्रतिबद्ध केंद्रीय सहायता के साथ राज्य जल कार्य योजना यानी स्वैप में शामिल किया गया है। केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन शेष धनराशि का प्रबंधन करेगा। अमृत 2.0 के अंतर्गत लद्दाख के लिए केंद्रीय सहायता का कुल आवंटन 90:10 के अनुपात में 128 करोड़ रुपये है। पहली किश्त के रूप में 58.5 करोड़ रुपये और दूसरी किश्त के रूप में 69.5 करोड़ रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
एलजी ने लद्दाख में विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत पंग-खरनाक में एमएनआरई परियोजना के लिए भी मदद मांगी। कहा कि ये परियोजना प्रधानमंत्री के लद्दाख को कार्बन-तटस्थ क्षेत्र और सतत ऊर्जा उत्पादक बनाने के उद्देश्य से जुड़ी हैं।
खट्टर ने लद्दाख की शहरी विकास और विद्युत से जुड़ी आवश्यकताओं को शीघ्र पूरा किए जाने का भरोसा दिलाया।