भाजपा मुख्यालय जम्मू में मंगलवार को पत्रकारों से रूबरू होते प्रवक्ता अरुण गुप्ता व अन्य।
जम्मू। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता अरुण गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के आश्वासन के बाद अब उमर सरकार को राजनीतिक लाभ के लिए राज्य का दर्जा जैसे भावनात्मक मुद्दों को उठाने के बजाय शासन पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्हें केंद्र सरकार के विकास कार्यों को जमीन पर उतारने के लिए प्रयास तेज करने चाहिए।
पार्टी मुख्यालय जम्मू में मंगलवार को गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जम्मू-कश्मीर से किए अपने वादों पर काम कर रहे हैं। पिछले तीन महीनों में नेकां सरकार ने कुछ भी हासिल नहीं किया है, जिसके अधिकार क्षेत्र में 35 से अधिक विभाग हैं। नेकां सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि सिर्फ एक विषय को दोहराने से जम्मू-कश्मीर के नागरिकों की आकांक्षाओं और उम्मीदों के साथ न्याय नहीं हो सकता है। नागरिक भी सरकार से उम्मीद करते हैं कि वह चुनावों के दौरान लोगों से किए गए वादों को पूरा करे। मौके पर मीडिया प्रभारी डॉ. प्रदीप महोत्रा मौजूद रहे। ब्यूरो