- चार सूत्री एजेंडे पर किया मंथन, लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस (केडीए) ने केंद्र सरकार से लद्दाख के नेताओं के साथ उनकी मांगों को लेकर फिर से बातचीत करने की मांग की है। शुक्रवार को केडीए के सह-अध्यक्ष कमर अली आखून और हाजी असगर अली करबलाई की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में चार सूत्री एजेंडे पर चर्चा की गई।
केडीए की मांगों में लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा शामिल है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के लिए अधिक राजनीतिक और प्रशासनिक स्वायत्तता हासिल करना है। इसके साथ ही भारतीय संविधान की छठी अनुसूची के तहत संवैधानिक सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं, जिससे लद्दाख की पहचान के लिए महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और भूमि अधिकारों की सुरक्षा तय होती है। केडीए ने नौकरियों में आरक्षण और लद्दाख के लिए एक समर्पित लोक सेवा आयोग के निर्माण का प्रस्ताव दिया है। लेह और कारगिल के लिए अलग-अलग संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों की मांग की है। गठबंधन ने जोर दिया कि ये मुद्दे केवल प्रशासनिक चिंताएं नहीं हैं, बल्कि लद्दाख के लोगों की भलाई के लिए आवश्यक मौलिक अधिकार हैं। केडीए ने गृह मंत्रालय से उच्चस्तरीय समिति को फिर से बुलाने की मांग की है।