जम्मू। बाड़ी ब्राह्मणा के रहने वाले एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस पर ससुराल और परिवार वाले आमने-सामने आ गए। मौत के लिए एक दूसरे पर आरोप जड़े। यहां तक कि शव लेने के लिए भी हंगामा हुआ। इसके चलते मृतक आरिफ चंदेल के शव का पोस्टमार्टम भी नहीं हो सका। अब शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। डाॅक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
आरिफ बाड़ी ब्राह्मणा का रहने वाला था। परिवार वाले कहते हैं कि मंगलवार को बैटरी फटने से वह मामूली रूप से झुलस गया। इसके बाद उसकी पत्नी और ससुराल वाले आकर उसे अपने साथ ले गए। वह उसे कहां ले गए। इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। वह लोग फोन करते रहे, लेकिन ससुराल वाले कभी कहते कि पठानकोट हैं, कभी कहते, किसी होटल में रुके हैं।
शुक्रवार को दोपहर 2 बजे पता चला कि आरिफ की मौत हो गई है और उसका शव अस्पताल में पड़ा हुआ है। जब वह लोग अस्पताल पहुंचे तो ससुराल वाले कहने लगे कि शव को उधमपुर लेकर जाएंगे। आरिफ की शादी उधमपुर में हुई है। वहीं आरिफ की पत्नी शमशाद का कहना है कि जिस दिन यह हादसा हुआ। उस दिन वह मामूली रूप से झुलसा था। आरिफ ने अपने दोस्त को बुलाया और उसे एक निजी अस्पताल में ले गया। जहां उसका उपचार किया, लेकिन डाक्टरों ने कहा कि उसे एसी रूम में रखना। इसलिए होटल लेकर चले गए। बाद में हालत बिगड़ने पर जीएमसी लाया गया। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। यह भी बताया कि झुलसने पर परिवार के लोगों ने कोई मदद नहीं की। उधर बाड़ी ब्राह्मणा के एसएचओ सुमित कुमार का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में रखा गया है। संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया गया है।