आरएस पुरा। जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनाव के लिए परिसीमन में पांच ब्लॉक में से चार आरक्षित किए जाने पर लोगों ने रोष जताया है। उन्होंने इसमें बदलाव करने की मांग की है। जम्मू-कश्मीर पीपुल सेक्युलर फोरम के प्रधान कुंदन लाल शर्मा ने कहा कि मीरां साहिब, आरएस पुरा, बिश्नाह, अरनिया ब्लॉकों को आरक्षित कर दिया गया है, जबकि सुचेतगढ़ एक ही ब्लॉक ऐसा है जिसे आरक्षित नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि वह आरक्षण का विरोध नहीं कर रहे, लेकिन लोगों की जनसंख्या देखते हुए मीरां साहिब व आरएस पुरा को आरक्षित नहीं किया जाता। मीरां साहिब ब्लॉक को बीडीसी के चुनाव के समय भी आरक्षित किया गया था। आरएस पुरा विधानसभा पहले ही आरक्षित हैं। पूर्व सरपंच ओमप्रकाश का कहना है कि किस आधार पर परिसीमन किया गया है। सुचेतगढ़ विधानसभा क्षेत्र की 12 पंचायतों को भी आरएस पुरा में रखा गया है। उन्होंने आरक्षण में बदलाव करने की मांग की ताकि सभी वर्ग के लोग आगे आ सके। पूर्व सरपंच किशोर कुमार का कहना है कि सभी वर्ग के लोगों को रूटीन के मुताबिक मौका मिलना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि पंचायतों के चुनाव के समय भी हदबंदी किए जाने के लिए पक्षपात किया गया था और अब एक बार फिर इसी प्रकार किया गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी को इन बातों की ओर भी ध्यान देना चाहिए, जिससे लोगों को अधिक लाभ पहुंच सके।