जम्मू/लेह। पूर्व केंद्रीय मंत्री और लेह संसदीय क्षेत्र से तीन बार सांसद रहे फुनसुग नामग्याल (83) के निधन पर उपराज्यपाल आरके माथुर ने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व के अवसान से लद्दाख को क्षति पहुंची है उसकी भरपाई नहीं की जा सकती। वहीं, कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता रहे नामग्याल के निधन पर विभिन्न सियासी दलों के नेताओं ने भी शोक जताया।
संसद में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि पार्टी के विभिन्न पदों पर रहने वाले नामग्याल जम्मू-कश्मीर विधान परिषद में दो बार सदस्य रहे। तीन बार सांसद रहते हुए उन्होंने कई मंत्रालयोें में उत्कृष्ट सेवाएं दीं। उन्हें भुलाया नहीं जा सकता। लेह के सांसद भाजपा नेता जाम्यांग सेरिंग नामग्याल ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री का निधन बेहद दुखद है। कहा कि उन्होंने लद्दाख के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लद्दाख के कई अन्य नेताओं ने भी गहरा शोक जताया। वहीं, नेशनल कांफ्रेंस के नेता बाबू राम पाल, बृज मोहन शर्मा, मोहम्मद हुसैन सहित अन्य नेताओं ने कहा कि नामग्याल के नेतृत्व ने जम्मू-कश्मीर और देश की विधायिका में अमिट छाप छोड़ी है।