जम्मू। एआईसीसी की वरिष्ठ नेता व जम्मू-कश्मीर मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि चुनाव में हार के डर से भाजपा को केंद्रीय मंत्रियों और गायकों को प्रचार के लिए उतारना पड़ा। फिल्मी हस्तियों सहित प्रचारक गली मोहल्लों में जाकर वोट मांग रहे हैं।
बिश्नाह और कठुआ में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक और जनसभाओं में पाटिल ने कहा कि आम लोग भाजपा की कई विफलताओं से नाराज हैं। समाज का प्रत्येक वर्ग विशेषकर युवा और किसान भाजपा द्वारा खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। चुनावी लाभ के लिए कांग्रेस ने कभी भी लोगों को धर्म, मजहब और जाति के आधार पर बांटने का काम नहीं किया है। भाजपा वोट बैंक की राजनीति के लिए लोगों की भावनाओं का फायदा उठाने का कोई मौका नहीं छोड़ती है।
प्रदेशाध्यक्ष जीए मीर ने कहा कि भाजपा ने राजनीतिक हितों के लिए फूट डालो और राज करो की राजनीति की है। वह पहले से कहीं अधिक विधानसभा चुनाव करवाने से भाग रहे हैं। पिछले साल 5 अगस्त को जम्मू-कश्मीर को तोड़कर जबरन केंद्र शासित प्रदेश बना दिया गया, जो नगर निगम से बेहतर नहीं है। इस दौरान एआईसीसी सचिव सुधार शर्मा, पूर्व मंत्री रमण भल्ला आदि मौजूद रहे। भल्ला ने भी भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाए।