जम्मू। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि आतंकी बंदूक छोड़ें और कलम पकड़ें। मोदी सरकार जम्मू-कश्मीर में विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहती है। ऐसे में यहां पर आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है।
जम्मू स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे शाहनवाज हुसैन ने शुक्रवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर विकास चाहता है, वंशवाद नहीं। गुपकार गठबंधन पर निशाना साधते हुए हुसैन ने कहा कि भाजपा विकास का नारा देती और विपक्षी दलों का गुपकार गठबंधन नफरत फैलाने के लिए है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पहली बार थ्री टियर पंचायती राज व्यवस्था के लिए जिला विकास परिषद के चुनाव हो रहे हैं। यह भाजपा के प्रयासों का नतीजा है। भाजपा वंशवाद मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त जम्मू-कश्मीर के एजेंडे पर चुनाव लड़ रही है।
शाहनवाज ने कहा कि जिला विकास परिषद में विकास शब्द को सुनकर गुपकार गठबंधन भाग जाता है। असल में गुपकार गठबंधन स्वयं गुमराह है और लोगों को भी गुमराह करने का काम कर रहा है। उन्होेंने कहा कि भाजपा की ताकत इतनी बढ़ चुकी है कि जहां भाजपा होती है वहां पर सभी दल गठबंधन कर लेते हैं और मामला भाजपा बनाम ऑल हो जाता है। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि नेहरू, गांधी, अब्दुल्ला, मुफ्ती परिवारों ने देश व प्रदेश के विकास के लिए कुछ नहीं किया। केवल भाजपा ने विकास की गति को तेज करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि गुपकार गठबंधन में शामिल दलों के नेता अपने बच्चों को पढ़ने के लिए विदेश व देश के बेहतर संस्थानों में भेजते हैं, लेकिन कश्मीर के बच्चों को हथियार उठाने के लिए उकसाते हैं। रोशनी स्कीम के तहत सरकारी भूमि पर कब्जे किए गए। उन्होंने कहा जो लोग कहते थे कि प्रदेश में तिरंगा झंडा उठाने वाला कोई नहीं मिलेगा। अनुच्छेद 370 समाप्त होने के बाद जम्मू-कश्मीर में जगह-जगह तिरंगा लहरा रहा है। गली मोहल्लों में भाजपा का झंडा बड़े शान से लेकर लोग चल रहे हैं। इस अवसर पर महासचिव डॉ. देवेंद्र मनेयाल, मुख्य प्रवक्ता सुनील सेठी और मीडिया प्रभारी डॉ. प्रदीप महोत्रा भी मौजूद रहे।