डॉ निर्मल सिंह का स्वागत करते भाजपा कार्यकर्ता
- फोटो : RSPURA
अरनिया। नव वर्ष के पहले दिन तरेवा मोड़ क्षेत्र में भाजपा की तरफ से संगठन को मजबूत करने के लिए रविवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने की। इस मौके पर जम्मू जिला बॉर्डर अध्यक्ष सुनील दत्त शास्त्री और अन्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम में डॉ निर्मल सिंह ने सभा में अफरा-तफरी मचती देख लोगों को समझाया कि यह कामकाजी सभा है, इसे जलसे का रूप न दें, और बड़ी शांति से बैठक को आगे बढ़ने दें। कार्यक्रम में जिला बॉर्डर जम्मू के एक्स सर्विसमैन सेल, बीडीसी सेल और बॉर्डर वेलफेयर सेल के इंचार्ज कार्यकर्ताओं को बुलाया गया। टीम का विस्तार करने के लिए नए चेहरों का भी ऐलान किया गया। डॉ. निर्मल सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर आदेश जारी किया गया है कि भाजपा ने पुराने और दिग्गज चेहरों को दी गई जिम्मेदारी के तहत संबंधित विभाग के संगठन को मजबूत करना है। आने वाले समय में हर क्षेत्र में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य कैबिनेट के चेहरे टीम से रूबरू होंगे। डॉ. निर्मल सिंह ने सभी से विचार विमर्श किया, और किस तरह से संगठन को मजबूत करना है, उसके बारे में बातचीत की गई। पंचायत चुनाव को लेकर चल रही सुगबुगाहट को लेकर डॉ. निर्मल सिंह ने बताया कि जब तक सरकार या निर्वाचन आयोग की तरफ से पंचायत चुनाव के लिए सूचना नहीं दी जाएगी तब तक लोगों को इस गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि असमंजस पैदा करने के लिए ऐसी अफवाहें फैलाई जाती हैं, जिससे लोग अस्थिर हो जाते हैं। अन्य पार्टियों के बहकावे में आकर धरना प्रदर्शन करना शुरू कर देते हैं। उन्होंने बताया कि मतदाता पहचान पत्र में गलतियां ठीक करने के लिए और नए सिरे से बनाने की प्रक्रिया शुरू है।