आरएस पुरा। केंद्र सरकार के आठ वर्ष पूरा होने पर भाजपा ने वीरवार को गांव खाना चक में कार्यक्रम का आयोजन किया। पंचायत के सरपंच दर्शन लाल चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी आशीष सूद मुख्य अतिथि रहे।
भाजपा के सह प्रभारी आशीष सूद ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के आठ वर्ष का कार्यकाल बेहतर रहा है।
सरकार ने ऐसी कई योजनाएं शुरू की हैं, जिसका लोगों को पूरा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने हर वर्ग के लिए योजनाएं शुरू की हैं। किसानों की आय दोगुना करने के लिए योजनाएं शुरू की गईं हैं। किसानों के खातों में सीधे दो हजार रुपये आ रहे हैं। इसके अलावा जन धन योजना, आयुष्मान योजना, उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ-साथ अन्य योजनाओं का लोगों को लाभ मिल रहा है। कश्मीर में सरकारी कर्मचारियों की हत्या पर कहा कि सरकार इस मसले को लेकर गंभीर है और कर्मचारियों को सुरक्षा प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए उठाए गए कदमों से आतंकी संगठन और कुछ राजनीतिक दल बौखला गए हैं। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुनील शर्मा, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी श्याम लाल सहित अन्य लोगों ने भी विचार रखे। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार के आठ वर्ष पूरा होने पर भाजपा द्वारा देशभर में 30 मई से 14 जून तक पखवाड़ा मनाया जा रहा है। बैठक के दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष तथा पूर्व मंत्री चौधरी श्याम लाल, प्रदेश महामंत्री सुनील शर्मा, नगर पालिका के चेयरमैन सतपाल पप्पी आदि उपस्थित रहे।